Hidden Treasure Found in MP: डिंडोरी के जोगी टिकरिया गांव में बकरी चरा रहे किसान को ज़मीन में दबा पीतल-तांबे का बर्तन मिला, जिसमें पुराने सिक्के, कंगन और घंटी थीं। जैसे ही खबर फैली, भीड़ उमड़ पड़ी। प्रशासन ने पूरा खजाना जब्त कर जांच शुरू कर दी।

Copper Treasure Found In MP: मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले से एक हैरान कर देने वाली और रहस्यमयी खबर सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। शाहपुर थाना क्षेत्र के जोगी टिकरिया गांव में एक ग्रामीण को खेत की मिट्टी में दबा हुआ प्राचीन बर्तन मिला है। सबसे खास बात यह है कि यह बर्तन खाली नहीं था, बल्कि उसमें पुराने जमाने के सिक्के, कंगन, कटोरी और घंटी जैसे धातु से बने आभूषण भरे हुए थे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बकरी चरा रहे थे…और नीचे से झांक रहा था खजाना!

गांव के रहने वाले गणेश बनवासी रोज़ की तरह पास ही के खेतों में बकरी चरा रहे थे। तभी उनकी नजर ज़मीन में किसी चमकती चीज़ पर पड़ी। जब उन्होंने मिट्टी को थोड़ा हटाया, तो एक धातु का बर्तन नजर आया। इसे बाहर निकालने पर पता चला कि यह तांबे और पीतल जैसी धातुओं से बना है और इसके अंदर रखी चीज़ें किसी ऐतिहासिक काल की प्रतीत हो रही थीं।

खबर फैली, भीड़ जुटी, अफवाहों का बाजार गर्म 

जैसे ही गांव में खबर फैली कि ‘गणेश को खेत में खजाना मिला है’, लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते पूरा गांव जमा हो गया। कुछ लोग इसे देवी-देवताओं की कृपा बताने लगे तो कुछ इसे राजा-महाराजाओं के समय का छिपा खजाना मानने लगे। अफवाहों और कहानियों ने लोगों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया।

प्रशासन ने संभाली कमान, खजाना जब्त

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में डिंडोरी तहसीलदार आर.पी. मार्को और शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने पूरे बर्तन और उसके भीतर मौजूद वस्तुओं को जब्त कर लिया और जांच शुरू कर दी। प्राथमिक परीक्षण में सामने आया कि यह वस्तुएं तांबा और पीतल की बनी हैं, जिनकी ऐतिहासिकता का परीक्षण किया जाएगा।

क्या यह पुरातात्विक संपत्ति है? जांच जारी 

तहसीलदार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला किसी ऐतिहासिक धरोहर से जुड़ा हो सकता है। इसलिए प्रशासन अब पुरातत्व विभाग की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि ये वस्तुएं किस युग की हैं और इन्हें वहां किस उद्देश्य से दबाया गया था।

छुपा था खजाना, जिसे खोज निकाला बकरी चरवाहों की किस्मत ने!

यह मामला न सिर्फ डिंडोरी बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए चर्चा का विषय बन गया है। गांव वाले अब भी उस खेत को देख रहे हैं जहां से ये रहस्यमयी वस्तुएं निकलीं। सभी की जुबान पर अब एक ही सवाल है- क्या ज़मीन के नीचे अब भी और खजाना छिपा है?