मध्य प्रदेश में किसानों को सिंचाई के लिए दिन में 10 घंटे बिजली मिलेगी। CM मोहन यादव ने धान की MSP पर खरीद, कृषि ऋण और जैविक खेती को लेकर भी बड़े ऐलान किए।
मध्य प्रदेश के किसानों के लिए सरकार ने सिंचाई और फसल खरीद से जुड़े कई बड़े ऐलान किए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही इस बार शहडोल के किसानों से धान की खरीद समर्थन मूल्य पर करने की बात भी कही गई है। मुख्यमंत्री ने रविवार को उज्जैन से शहडोल में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है। साथ ही सिंचाई का रकबा बढ़ाने और हर खेत तक पानी पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे। सरकार का फोकस कृषि को अधिक लाभकारी बनाने पर है।
MSP पर खरीदा जाएगा किसानों का धान
शहडोल में पहली बार कोदो-कुटकी की समर्थन मूल्य पर खरीद का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार किसानों का धान भी सरकार समर्थन मूल्य पर खरीदेगी। उन्होंने किसानों से चिंता न करने की अपील की। सरकार कृषि के साथ पशुपालन, बकरी पालन, कुक्कुट पालन और मछली पालन को भी बढ़ावा देने की योजना पर जोर दे रही है।
यह भी पढ़ें: एक तरफ राहुल गांधी, दूसरी तरफ BJP के दर्जनभर CM; Election Commission पर क्यों गरमाई सियासत?
हल्दी से लेकर जैविक खेती तक फोकस
शहडोल की हल्दी को जियोटैग मिलने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने मसाला फसलों को बढ़ावा देने की बात कही। हल्दी की प्रोसेसिंग और बाजार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक तकनीक और जैविक-प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
किसान अब अपनी सुविधा से चुका सकेंगे ऋण
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना ब्याज वाले कृषि ऋण की राशि जमा करने की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब किसानों को साल में एक बार भुगतान की सुविधा मिलेगी और वे अपनी सुविधा के अनुसार वर्ष में कभी भी ऋण जमा कर सकेंगे। शहडोल के जनजातीय बहुल गांवों में होम-स्टे विकसित करने की योजना भी बताई गई। इसके लिए अनुदान की व्यवस्था की जाएगी। सरकार के मुताबिक इससे ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ युवाओं और स्थानीय लोगों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर पैदा होंगे।
यह भी पढ़ें: Donation Racket: चंदा आया बैंक से, फिर कैश में लौटा? ₹1,143 करोड़ के मामले में खुली पूरी कहानी
