मध्यप्रदेश में LPG, पेट्रोल, डीजल, PNG और CNG का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई जारी है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि अफवाहों से बचें और जरूरत अनुसार ही ईंधन खरीदें।

भोपाल। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने स्पष्ट किया है कि मध्यप्रदेश में एलपीजी (LPG), पेट्रोल, डीजल, पीएनजी (PNG) और सीएनजी (CNG) का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इसके साथ ही भारत में कच्चे तेल का भी पर्याप्त भंडार मौजूद है, जिससे आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

LPG कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई

मंत्री ने बताया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एलपीजी की कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक 2050 स्थानों पर जांच की गई है, जिसमें 2912 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इसके अलावा 9 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। प्रदेश के 325 पेट्रोल पंपों की भी जांच की गई, जिसमें एक मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। सभी जिला आपूर्ति अधिकारियों और ऑयल कंपनियों को नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं।

रसोई गैस (LPG) की वर्तमान स्थिति

प्रदेश के बॉटलिंग प्लांटों में पर्याप्त एलपीजी स्टॉक बनाए रखा गया है। उपभोक्ताओं की मांग को पूरा करने के लिए प्लांट अतिरिक्त समय (Extended Hours) तक काम कर रहे हैं। जिलों में वितरकों के स्टॉक और आपूर्ति की लगातार समीक्षा की जा रही है।

पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता

मध्यप्रदेश में सभी ऑयल कंपनियों के पास पेट्रोल और डीजल (MS/HSD) का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। पेट्रोल पंपों पर किसी भी प्रकार की कमी नहीं है और डिपो से लगातार आपूर्ति की जा रही है।

बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए विशेष व्यवस्था

मांग में बढ़ोतरी को देखते हुए सभी सप्लाई लोकेशन को अधिक समय तक संचालित किया जा रहा है, ताकि आपूर्ति सामान्य बनी रहे और किसी प्रकार की समस्या न हो।

PNG कनेक्शन के लिए नई सुविधाएं

पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए सीजीडी (CGD) संस्थाओं को कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उपभोक्ता आसानी से शिकायत दर्ज कर सकें। सिंगल विंडो पोर्टल के माध्यम से विभिन्न अनुमतियों के लिए आवेदन की सुविधा दी गई है। जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछी हुई है, वहां के घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ता पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं।

उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण अपील

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है, इसलिए अफवाहों पर ध्यान न दें। केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें और अनावश्यक भंडारण न करें। ऑयल कंपनियों ने भी भरोसा दिलाया है कि LPG, पेट्रोल, डीजल, PNG और CNG की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। साथ ही प्रदेश में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।