BJP विधायक प्रीतम लोधी ने सड़कों की तुलना ओमपुरी और श्रीदेवी से कर सनसनी मचा दी। बोले- दिग्विजय सिंह के समय सड़कें डरावनी थीं, अब हमने उन्हें खूबसूरत बना दिया है। पढ़ें उनके बयान की पूरी कहानी और विवाद की जड़।
BJP MLA Pritam Lodhi Controversial Statement: मध्य प्रदेश में इन दिनों सड़कों की हालत नहीं, बल्कि उन पर दिए गए बयान सुर्खियों में हैं। बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी ने एक ऐसा अजीब बयान दिया, जिसने राजनीति और सोशल मीडिया, दोनों में हलचल मचा दी। उन्होंने कहा-“दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में सड़कों की हालत ओमपुरी जैसी थी, हमने उन्हें श्रीदेवी जैसी बना दिया है।” इस बयान ने न सिर्फ सड़कों की दशा पर बहस छेड़ दी, बल्कि दिवंगत फिल्मी सितारों की तुलना को लेकर भी विवाद खड़ा कर दिया।
सड़क और सितारों की तुलना, क्या ये एक सोची-समझी सियासत है?
प्रीतम लोधी ने ये बयान तब दिया जब वह टैक्सी से विधानसभा सत्र में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी गाड़ी एक पुलिया पर भरे पानी से नहीं निकल सकी, क्योंकि वह बड़ी गाड़ी अफॉर्ड नहीं कर सकते। कारण बताया-“मैं भ्रष्टाचार नहीं करता, इसीलिए मेरे पास महंगी गाड़ी नहीं है।” यही नहीं, उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा “भ्रष्टाचार कांग्रेस में होता है, इसलिए उनके पास बड़ी-बड़ी गाड़ियां हैं। हमारे विधायक ईमानदार हैं।”
इंद्र भगवान की जिम्मेदारी बारिश की है-सड़कें अब परफेक्ट हैं!
जब उनसे सवाल किया गया कि क्या वाकई एमपी की सड़कें अब श्रीदेवी जैसी सुंदर हैं? तो उन्होंने दोहराया कि बीजेपी शासन में सड़कें पूरी तरह बदल चुकी हैं। उन्होंने ये भी कहा कि बारिश का पानी रुकने की जिम्मेदारी इंद्र भगवान की है, सरकार की नहीं।
सोशल मीडिया पर ट्रेंडिंग बना बयान, मिक्स रिएक्शन
प्रीतम लोधी का यह बयान अब सोशल मीडिया पर वायरल है। किसी ने इसे "बेहद आपत्तिजनक" बताया तो कुछ लोग इसे "क्रिएटिव सियासी अंदाज" कह रहे हैं। लेकिन दिवंगत फिल्मी कलाकारों की तुलना राजनीतिक कार्यों से करना कितना सही है, इस पर बहस छिड़ गई है।
बयान का मतलब मज़ाक या रणनीति?
एक ओर जहां प्रीतम लोधी खुद को ईमानदार और सादा बताते हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी शब्दों की चौंकाने वाली तुलना ने राजनीतिक गरमी बढ़ा दी है। अब देखना यह होगा कि BJP इस बयान को बैक करती है या डैमेज कंट्रोल करती है।






