मंत्री प्रहलाद पटेल ने मध्यप्रदेश आजीविका मिशन की समीक्षा बैठक में समान कार्य के लिए समान वेतन, स्किल ट्रेनिंग, डिजिटल मॉनिटरिंग और जल गंगा संवर्धन अभियान को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। महिलाओं और युवाओं के कौशल विकास पर भी जोर दिया गया।
भोपाल। पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री Prahlad Singh Patel ने मंत्रालय में मध्यप्रदेश राज्य आजीविका मिशन फोरम की शासी निकाय की बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में पिछली बैठक में लिए गए फैसलों के पालन प्रतिवेदन पर विस्तार से चर्चा की गई।

मंत्री प्रहलाद पटेल ने आजीविका मिशन के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों के एचआर मैनुअल को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग में “समान कार्य के लिए समान वेतन” की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही जरूरत के अनुसार पदों का युक्तियुक्तकरण (रैशनलाइजेशन) भी किया जाए ताकि कार्य प्रणाली अधिक प्रभावी बन सके।
Equal Pay Policy MP: समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने के निर्देश
बैठक में मंत्री श्री पटेल ने वित्तीय प्रबंधन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए पर्याप्त बजट व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और विभाग की वित्तीय देनदारियों को कम करने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता के लिए संसाधनों का सही उपयोग और पारदर्शी वित्तीय व्यवस्था बेहद जरूरी है।
FRA Land Diversion Portal और मोबाइल ऐप की सराहना
बैठक के दौरान मंत्री ने वन भूमि के उपयोग की अनुमति से जुड़ी नई डिजिटल व्यवस्था ‘FRA लैंड डायवर्शन’ वेब पोर्टल और मोबाइल ऐप की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से वन क्षेत्रों में रहने वाले अनुसूचित जनजाति के किसानों और मजदूरों को सुविधाजनक, पारदर्शी और तेज प्रक्रिया का लाभ मिलेगा। मंत्री ने कहा कि इस नई व्यवस्था से जनोपयोगी सुविधाओं के लिए वन भूमि के उपयोग संबंधी प्रक्रियाएं पहले की तुलना में अधिक आसान और प्रभावी होंगी।
MP Skill Training News: आजीविका पुस्तकालयों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से स्किल ट्रेनिंग
मंत्री प्रहलाद पटेल ने प्रदेश के 52 जिलों में संचालित 85 आजीविका पुस्तकालयों की समीक्षा भी की। उन्होंने निर्देश दिए कि इन केंद्रों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से स्किल ट्रेनिंग कार्यक्रम संचालित किए जाएं। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अंग्रेजी भाषा और अन्य रोजगारपरक कौशलों में प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। मंत्री ने कहा कि केंद्रीकृत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्रणाली के जरिए महिलाओं और युवाओं को आधुनिक स्किल्स सिखाई जाएं ताकि रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।
दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास योजना 2.0 पर फोकस
बैठक में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास योजना 2.0 के तहत वर्तमान बाजार की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देने पर चर्चा हुई। मंत्री श्री पटेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्किल गैप एनालिसिस के आधार पर नई परियोजनाओं का मूल्यांकन किया जाए और उसी अनुसार नई टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को वही प्रशिक्षण दिया जाए जिसकी वर्तमान रोजगार बाजार में वास्तविक मांग हो।
Digital Monitoring MP: फंड फ्लो की डिजिटल मॉनिटरिंग के निर्देश
मंत्री प्रहलाद पटेल ने योजनाओं की सफलता की कहानियों को बुकलेट, फ्लेक्स और लघु फिल्मों के जरिए व्यापक स्तर पर प्रचारित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने एमपीएसईडीसी के माध्यम से फंड फ्लो की डिजिटल मॉनिटरिंग के लिए तैयार किए जा रहे पोर्टल का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि डिजिटल मॉनिटरिंग से योजनाओं की पारदर्शिता और कार्यकुशलता में सुधार आएगा।
Jal Ganga Sanvardhan Abhiyan: पुराने तालाबों के जीर्णोद्धार पर जोर
बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान की भी समीक्षा की गई। मंत्री श्री पटेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुराने तालाबों के पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार का कार्य तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि 5 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र वाले तालाबों की सूची तैयार कर आवश्यकतानुसार अधूरे कार्यों को पूरा किया जाए। साथ ही 1 जुलाई से विकसित भारत-जी-राम-जी योजना के तहत होने वाले निर्माण कार्यों के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार रखने को कहा।
विस्थापित परिवारों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों के कारण विस्थापित हुए परिवारों का विशेष ध्यान रखा जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें योजनाओं का पूरा लाभ मिले। बैठक में अपर मुख्य सचिव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


