CM मोहन यादव ने VFS Global के ग्लोबल हेड से बैठक की। भोपाल-इंदौर में वीजा सेवाओं के विस्तार और युवाओं के टूरिज्म-हॉस्पिटैलिटी प्रशिक्षण पर चर्चा हुई।

दुबई/भोपाल। मध्यप्रदेश में निवेश और रोजगार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी सिलसिले में दुबई में आयोजित तीन दिवसीय AIM Congress-2026 के तीसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतरराष्ट्रीय कंपनियों और निवेशकों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं।

ताज दुबई में मुख्यमंत्री की VFS Global के ग्लोबल हेड अमित साइचर के साथ भी बैठक हुई। बातचीत में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं के अलावा रोजगार, वीजा सेवाओं को आसान बनाने, पर्यटन और युवाओं के कौशल विकास जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अमित साइचर को अगले साल मध्यप्रदेश में आयोजित होने वाली Global Investors Summit (GIS)-2027 में शामिल होने का न्योता भी दिया।

VFS Global: भोपाल और इंदौर में बढ़ेगा Visa Services का दायरा

बैठक में मध्यप्रदेश से अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने वाले लोगों के लिए वीजा आवेदन प्रक्रिया को अधिक आसान और सुलभ बनाने पर खास जोर रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने VFS Global को भोपाल और इंदौर में वीजा आवेदन सेवाओं का विस्तार करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस दौरान राज्य के दूसरे क्षेत्रों तक भी इन सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। यात्रियों की जरूरत और राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को देखते हुए अतिरिक्त सेवा सुविधाएं विकसित करने पर भी विचार किया गया। तकनीक के इस्तेमाल से नागरिकों और वीजा आवेदकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। इससे लोगों को वीजा आवेदन से जुड़ी प्रक्रियाओं में ज्यादा सुविधा मिलने की उम्मीद है।

MP Tourism: युवाओं को Tourism और Hospitality में मिलेगा ग्लोबल प्रशिक्षण

बैठक का एक अहम हिस्सा मध्यप्रदेश के युवाओं के कौशल विकास से जुड़ा रहा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए बेहतर तरीके से तैयार करने की जरूरत पर जोर दिया। इस दौरान स्थानीय युवाओं के लिए ट्रैवल, टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में इंडस्ट्री-ओरिएंटेड ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

VFS Global व्यावसायिक शिक्षा और पेशेवर प्रशिक्षण के जरिए युवाओं की कार्यक्षमता बढ़ाने में सहयोग करेगा। इसका उद्देश्य मध्यप्रदेश के युवाओं को देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोजगार के लिए तैयार करना है। इस तरह पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा करने की कोशिश होगी।

MP Investment: रोजगार और अंतरराष्ट्रीय सेवाओं पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक में मध्यप्रदेश में निवेश के लिए उपलब्ध संभावनाओं को भी सामने रखा। राज्य सरकार की कोशिश है कि निवेश के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा हों और प्रदेश के युवाओं को उभरते सेक्टर में आगे बढ़ने का मौका मिले। वीजा सेवाओं के विस्तार और पर्यटन क्षेत्र में कौशल प्रशिक्षण जैसी पहलें इसी व्यापक योजना का हिस्सा हैं। अंतरराष्ट्रीय आवागमन आसान होने से प्रदेश के पर्यटन और कारोबार से जुड़े क्षेत्रों को भी फायदा मिलने की संभावना है।

VFS Global Network: 169 देशों में कंपनी की मौजूदगी

बैठक में VFS Global की वैश्विक मौजूदगी की जानकारी भी साझा की गई। वर्ष 2001 में स्थापित VFS Global वर्तमान में भारत सहित दुनिया के 169 देशों में अपनी सेवाएं दे रही है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 में ₹1,356.55 करोड़ का राजस्व दर्ज किया है। कंपनी वीजा और नागरिक सेवाओं से जुड़े क्षेत्र में तकनीक आधारित समाधान उपलब्ध कराने के लिए जानी जाती है। मध्यप्रदेश के साथ संभावित साझेदारी को इसी वैश्विक नेटवर्क और तकनीकी क्षमता के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

GIS 2027: VFS Global को CM मोहन यादव का न्योता

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने VFS Global के ग्लोबल हेड अमित साइचर को GIS-2027 में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सार्वजनिक और संस्थागत साझेदारियों के जरिए तकनीक आधारित प्रशासनिक और नागरिक सेवाओं को अपनाने के लिए तैयार है। उन्होंने कंपनी को भरोसा दिलाया कि प्रदेश में प्रस्तावित विभिन्न पहलों को तेजी से जमीन पर उतारने के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। दुबई में हुई यह बैठक केवल निवेश तक सीमित नहीं रही। वीजा सेवाओं, पर्यटन, युवाओं के कौशल और तकनीक आधारित नागरिक सेवाओं को एक साथ जोड़कर मध्यप्रदेश के लिए नए अवसर तलाशने पर जोर दिया गया।