Madhya Pradesh Urban Conclave: एमपी अर्बन कॉन्क्लेव 2026 का आयोजन 28 अक्टूबर को इंदौर में होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में शहरी विकास, निवेश, जल पुनर्चक्रण, स्टार्टअप्स और अर्बन चैलेंज फंड की 2,753.10 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर चर्चा होगी।
MP Urban Development Projects: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में 28 अक्टूबर 2026 को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में अर्बन कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रदेश में शहरी विकास, निवेश, आधुनिक तकनीक, डिजिटल गवर्नेंस और स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देना है। सम्मेलन में विशेषज्ञों, निवेशकों, स्टार्टअप्स, युवाओं और सरकारी विभागों के प्रतिनिधियों के साथ शहरी विकास की संभावनाओं पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री निवेशकों से वन-टू-वन चर्चा भी करेंगे। इच्छुक प्रतिभागी ugconclave.mp.gov.in पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
MP Urban Conclave 2026: निवेश और शहरी विकास पर चर्चा
कॉन्क्लेव में नगरीय क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं, प्रस्तावित परियोजनाओं और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श होगा। इस दौरान विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ, भूमि-पूजन और लोकार्पण भी किया जाएगा। सम्मेलन में शहरों को नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने और निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने पर जोर रहेगा।
ये भी पढ़ें- किसानों की कमाई से युवाओं के रोजगार तक, सोया उद्योग पर CM मोहन यादव का बड़ा फोकस
Water Recycling: उपचारित जल के पुनः उपयोग पर फोकस
सम्मेलन में उपचारित प्रयुक्त जल के पुनर्चक्रण की कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी। इसका उद्देश्य प्राकृतिक और ताजे जल स्रोतों पर निर्भरता कम करना तथा जल संरक्षण को शहरी विकास का अहम हिस्सा बनाना है। औद्योगिक इकाइयों, निर्माण कार्यों, कृषि और उद्यानों की सिंचाई सहित गैर-पेयजल जरूरतों में उपचारित जल के सुरक्षित उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा।
Tier-2 Cities Development: मास्टर प्लान और आधुनिक परिवहन
कॉन्क्लेव में टियर-2 शहरों के सुनियोजित विकास, परिवहन आधारित विकास (TOD), ट्रांसफरेबल डेवलपमेंट राइट्स (TDR), आवासीय पुनर्विकास, मास्टर प्लान, विकास गलियारों, RERA स्वीकृतियों, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और फ्लोर एरिया रेशियो (FAR) जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इन उपायों से भूमि का बेहतर उपयोग, आवासीय सुविधाओं में सुधार और परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
Urban Challenge Fund: 2,753.10 करोड़ की परियोजनाओं पर मंथन
अर्बन चैलेंज फंड के तहत प्रदेश के विभिन्न शहरों में स्वीकृत परियोजनाओं की कुल लागत 2,753.10 करोड़ रुपये है। कॉन्क्लेव में इनके वित्तीय प्रबंधन, भौतिक प्रगति और समयबद्ध क्रियान्वयन की समीक्षा होगी। वित्तीय संस्थानों और बैंकों के साथ अनुबंध किए जाएंगे तथा संबंधित एजेंसियों को लेटर ऑफ अवॉर्ड दिए जाएंगे। इन परियोजनाओं में इंदौर की जलप्रदाय वितरण व्यवस्था और सीवरेज नेटवर्क का उन्नयन, उज्जैन में एकीकृत मंदिर क्षेत्र विकास और रीवा की जलप्रदाय योजना शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- MP Industrial Corridor: जबलपुर-भोपाल-इंदौर के बीच बनेगा 600 KM कॉरिडोर, 1 लाख करोड़ निवेश और 3 लाख रोजगार का प्लान
Startup Ecosystem: युवाओं और निवेशकों को मिलेगा अवसर
अर्बन कॉन्क्लेव-2026 से निवेश बढ़ाने, विकास परियोजनाओं को गति देने और निजी क्षेत्र की भागीदारी मजबूत करने की उम्मीद है। साथ ही, नवाचार, स्टार्टअप्स और पर्यावरण अनुकूल शहरी विकास को बढ़ावा देने के लिए साझा कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया जाएगा।






