मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत मध्यप्रदेश में 10 लाख से अधिक आवास स्वीकृत हुए हैं। प्रदेश ने ग्राउंडिंग में देश में पहला स्थान हासिल किया है और 9 लाख से ज्यादा हितग्राहियों को पक्के घर मिल चुके हैं।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हर जरूरतमंद परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ मध्यप्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 10 लाख से अधिक आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। इससे मध्यप्रदेश ने आवास निर्माण और हितग्राहियों को घर उपलब्ध कराने के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान मजबूत की है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

आवासों की ग्राउंडिंग में मध्यप्रदेश देश में प्रथम

नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत मध्यप्रदेश ने आवासों की ग्राउंडिंग में देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। प्रदेश में 98.04 प्रतिशत आवासों की ग्राउंडिंग पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि प्रभावी मॉनिटरिंग, समयबद्ध कार्यप्रणाली और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन का परिणाम है।

9 लाख से ज्यादा हितग्राहियों को मिल चुका पक्का घर

विभाग के अनुसार प्रदेश में 9 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा कर पात्र हितग्राहियों को सौंपा जा चुका है। योजना के जरिए हजारों परिवारों का अपने पक्के घर का सपना पूरा हुआ है। इससे लोगों के जीवन स्तर, सामाजिक सुरक्षा और सम्मान में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।

आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिल रहा लाभ

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, निम्न आय वर्ग और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को मकान निर्माण के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है, ताकि वे सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त पक्के घर में रह सकें।

आधारभूत सुविधाओं और रोजगार को भी मिला बढ़ावा

संकेत भोंडवे ने बताया कि योजना के माध्यम से केवल आवास निर्माण ही नहीं, बल्कि शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास और रोजगार सृजन को भी गति मिली है। उन्होंने कहा कि सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सशक्त बनाने में भी यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर रहेगा फोकस

राज्य सरकार द्वारा योजना की सतत मॉनिटरिंग और समय पर निर्माण कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि हर पात्र शहरी परिवार को योजना का लाभ समय पर मिले। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।