प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने काफिले की गाड़ियों की संख्या घटाकर सिर्फ 8 कर दी है। उनका कम गाड़ियों वाला कारकेड सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
भोपाल। भारत और दुनिया के सामने बढ़ती चुनौतियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की बचत करने और संसाधनों का सीमित उपयोग करने की अपील की है। प्रधानमंत्री की इस अपील का असर अब राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अपने काफिले की गाड़ियों की संख्या कम कर दी है। अब मुख्यमंत्री के काफिले में केवल 8 वाहन ही शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री के इस फैसले के अगले ही दिन उनका नया कारकेड सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पहले की तुलना में अब काफिले में गाड़ियों की संख्या काफी कम हो गई है।
PM Modi Fuel Saving Appeal के बाद CM Mohan Yadav ने लिया फैसला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से अपील की थी कि वे पेट्रोल और डीजल की खपत कम करें। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक परिवहन, कारपूलिंग और जरूरत के अनुसार ही वाहनों का इस्तेमाल करने को कहा था। प्रधानमंत्री की इसी अपील को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तुरंत अपने सरकारी काफिले में वाहनों की संख्या घटाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार राष्ट्रहित में ईंधन की बचत के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अब सुरक्षा की जरूरत को ध्यान में रखते हुए केवल न्यूनतम वाहन ही काफिले में शामिल किए जाएंगे। इसके अलावा किसी भी कार्यक्रम या दौरे के दौरान लंबी वाहन रैली भी नहीं निकाली जाएगी।
CM Mohan Yadav Carcade Viral Video, कम गाड़ियों वाला काफिला चर्चा में
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के फैसले का असर तुरंत दिखाई भी दिया। फैसले के अगले दिन जब वे नरसिंहपुर जिले के दौरे पर निकले तो उनके काफिले में पहले की तुलना में काफी कम गाड़ियां नजर आईं। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि मुख्यमंत्री ने अपने फैसले को केवल घोषणा तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे व्यवहार में भी लागू किया है। लोग इस कदम को ईंधन बचत और सादगी की दिशा में बड़ा संदेश मान रहे हैं।
CM Mohan Yadav ने मंत्रियों और जनता से भी की अपील
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के सभी मंत्रियों से भी कहा है कि वे यात्रा के दौरान कम से कम वाहनों का उपयोग करें। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि जहां संभव हो, वहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा इस्तेमाल किया जाए। मुख्यमंत्री का कहना है कि ईंधन की बचत केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।
PM नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से क्या-क्या अपील की?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशहित में लोगों से कई महत्वपूर्ण अपीलें की हैं। उन्होंने कहा कि नागरिक पेट्रोल-डीजल का उपयोग कम करें और सार्वजनिक परिवहन या कारपूलिंग को प्राथमिकता दें। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने अगले एक साल तक सोना खरीदने से बचने की भी अपील की, ताकि विदेशी मुद्रा भंडार पर अतिरिक्त दबाव न पड़े। उन्होंने लोगों से विदेशी उत्पादों की बजाय स्वदेशी सामान अपनाने को कहा।
प्रधानमंत्री ने यह भी सुझाव दिया कि जहां संभव हो, वहां वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचने की सलाह भी दी गई है। किसानों से रासायनिक उर्वरकों का उपयोग कम करने और प्राकृतिक खेती अपनाने का आग्रह किया गया है। वहीं आम लोगों से जरूरत के अनुसार ही खाद्य तेल इस्तेमाल करने की अपील भी की गई है।


