MP में PM मोदी के जन्मदिवस पर इंदौर से सेवा-संकल्प अभियान शुरू हुआ। स्वामित्व योजना के तहत 50 लाख लोगों को फ्री रजिस्ट्री से संपत्ति अधिकार मिलेगा।

भोपाल/इंदौर। मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के मौके पर 17 सितंबर को इंदौर से ‘सेवा-संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अभियान का शुभारंभ किया। इसी कार्यक्रम के साथ ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026’ योजना के तहत 50 संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री की शुरुआत भी हुई। कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत कई जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इंदौर में आयोजित भव्य रोड-शो में भी हिस्सा लिया।

MP Swamitva Yojana: 50 लाख लोगों को मिलेगी फ्री रजिस्ट्री

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्य प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर स्वामित्व योजना के रूप में बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सुशासन, धर्म-संस्कृति और जनसेवा की मजबूत परंपरा कायम की थी। विधवा महिलाओं को संपत्ति का अधिकार और कानूनी सुरक्षा देने की दिशा में भी उन्होंने पहल की थी। नितिन नवीन ने कहा कि इसी सोच से प्रेरणा लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वामित्व योजना के जरिए गरीब और ग्रामीण परिवारों के जमीन से जुड़े सपनों को हकीकत में बदलने का काम किया है। इस योजना की शुरुआत इंदौर से हो रही है।

उन्होंने कहा कि संपत्ति की रजिस्ट्री सिर्फ कागज का एक टुकड़ा नहीं है। यह ग्रामीण आबादी को अपनी जमीन पर अधिकार और स्वाभिमान के साथ जीने का रास्ता देती है। उनके मुताबिक, दशकों तक गांवों के कई परिवार अपनी जमीन के मालिकाना हक को लेकर अनिश्चितता में रहे और पीढ़ियां गुजरती गईं।

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में स्वामित्व योजना लागू की, जिसका परिणाम अब मध्य प्रदेश में दिखाई दे रहा है। प्रदेश सरकार ने करीब 68 लाख भूखंडों का सर्वे कराया है। अब 50 लाख लोगों को नि:शुल्क रजिस्ट्री के जरिए उनके अधिकार दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार ने विस्तृत कार्ययोजना भी तैयार की है।

Seva Sankalp Abhiyan: सेवा के भाव पर सवाल उठाने वालों को नितिन नवीन का जवाब

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर सेवा-संकल्प अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के उद्देश्य पर सवाल उठाने वाले लोग सेवा के भाव को नहीं समझते। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प के कारण आज करीब 80 करोड़ लोगों तक नि:शुल्क अनाज पहुंचाया जा रहा है। कोविड काल में 200 करोड़ से ज्यादा मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध कराई गईं। गरीबों के बैंक खाते खोले गए और जरूरतमंद लोगों को सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिला।

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 25 वर्षों से सेवा और समर्पण की भावना के साथ देश के लिए काम किया है। मध्य प्रदेश की धरती से सभी लोग मिलकर प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु के लिए आशीर्वाद का दीप जलाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जब किसी वैश्विक मंच पर जाते हैं तो दुनिया भारत की ताकत को देखती है। उनके अनुसार करीब 35 से 36 देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया है। नितिन नवीन ने इसे प्रधानमंत्री मोदी के साथ-साथ देश के 140 करोड़ से अधिक नागरिकों का सम्मान बताया।

PM Modi Schemes: स्वामित्व से लेकर स्टार्टअप तक योजनाओं का जिक्र

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 17 सितंबर 2025 को ‘स्वस्थ नारी शक्ति परिवार योजना’ शुरू की थी। इससे पहले 2023 में इसी तारीख को कारीगरों और शिल्पकारों के लिए पीएम विश्वकर्मा योजना शुरू की गई थी। उन्होंने दिल्ली में चल रहे सेमीकॉन इंडिया-2026 का भी उल्लेख किया और कहा कि मध्य प्रदेश में 50 लाख लोगों को स्वामित्व योजना का लाभ दिया जा रहा है। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की योजनाओं में अंत्योदय की भावना को प्राथमिकता दी गई है और सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने अयोध्या के श्रीराम मंदिर और उज्जैन के श्रीमहाकाल लोक का भी जिक्र किया। ब्रिक्स आयोजन को लेकर उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को वहां केवल खाने का मेन्यू दिखाई दिया, जबकि रूस और चीन के राष्ट्राध्यक्षों के साथ प्रधानमंत्री मोदी का ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान भी नजर नहीं आया।

नितिन नवीन ने कहा कि विपक्ष ने राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश को बांटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज देश में वुमन-लेड डेवलपमेंट की बात हो रही है। देश में 3 करोड़ से ज्यादा लखपति बहनें स्वावलंबी बनी हैं, जबकि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 93 लाख महिलाएं आजीविका मिशन के जरिए विकास में योगदान दे रही हैं। उन्होंने युवाओं के लिए स्टार्टअप और मुद्रा योजना का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक देश में करीब 2 लाख स्टार्टअप आगे बढ़ रहे हैं और रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहे हैं।

BJP vs Opposition: नितिन नवीन बोले- सत्ता के लिए बेचैन है विपक्ष

नितिन नवीन ने विपक्ष पर राजनीतिक हमला करते हुए कहा कि उसे सत्ता में वापसी का कोई रास्ता दिखाई नहीं दे रहा है, इसलिए वह बेचैन है। उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के जरिए करीब 51 लाख करोड़ रुपये सीधे गरीबों के खातों तक पहुंच रहे हैं। उनके अनुसार देश अब स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ रहा है और सीमा पर तैनात सैनिकों के सम्मान में भी बढ़ोतरी हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सीमावर्ती गांवों के विकास को प्राथमिकता दी है। गरीब और जरूरतमंद लोगों को केंद्र में रखकर योजनाएं तैयार की गई हैं। नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत @2047 का लक्ष्य रखा है और जब देश का प्रत्येक नागरिक आगे बढ़ेगा, तभी देश भी आगे बढ़ेगा।

CM Mohan Yadav: प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया को दिखाई भारत की ताकत

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर देशभर में सेवा-संकल्प अभियान शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पहली बार मध्य प्रदेश आने पर उनका स्वागत और अभिनंदन किया।

सीएम यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया को भारत की शक्ति से परिचित कराया है। हाल में नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स समिट का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि रूस और चीन जैसे देशों के राष्ट्राध्यक्ष भारत आए और प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी आत्मीयता देखने को मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देशवासियों के कल्याण के लिए लगातार अलग-अलग योजनाओं के जरिए काम कर रहे हैं।

MP Government: 23 हजार गांवों में चलेगा फ्री रजिस्ट्री अभियान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वामित्व योजना के जरिए ग्रामीण आबादी को उनकी संपत्ति का अधिकार मिलेगा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक विपक्ष की सरकारें रहीं, लेकिन गांवों की इस समस्या को पर्याप्त रूप से नहीं समझा गया। सीएम ने बताया कि मध्य प्रदेश के 23 हजार से अधिक गांवों में एक महीने तक अभिलेखों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पैतृक संपत्ति किसी भी परिवार के लिए उसके सपनों और भविष्य से जुड़ी होती है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर का दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के साथ भगवान विश्वकर्मा की जयंती का भी अवसर है। भगवान विश्वकर्मा को सृजन और स्वावलंबन से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छोटे कामगारों के साथ खड़ी है।

Ladli Behna Yojana: बहनों के खातों में 55 हजार करोड़ से ज्यादा राशि

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अब तक लाड़ली बहनों के खातों में 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर कर चुकी है। उन्होंने कहा कि माताओं और बहनों के आशीर्वाद से मध्य प्रदेश समृद्ध हो रहा है। रोजगार आधारित उद्योगों में काम करने वाली महिलाओं को वीजीएफ के माध्यम से हर महीने 5,000 रुपये का अतिरिक्त लाभ देने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।

सीएम यादव ने कहा कि राज्य सरकार मध्य प्रदेश के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास पर भी काम कर रही है। उन्होंने बताया कि जानापाव समेत उन सभी स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां भगवान श्रीकृष्ण के चरण पड़े हैं।