Indore Chunari Yatra: इंदौर की विशाल चुनरी यात्रा में CM मोहन यादव शामिल हुए। बड़ा गणपति से बिजासन माता मंदिर तक निकली यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। CM ने एकता और समरसता का संदेश दिया।
इंदौर में नवरात्रि के मौके पर रविवार को आस्था और उत्साह का बड़ा नजारा देखने को मिला। प्रसिद्ध बड़ा गणपति मंदिर से निकली विशाल चुनरी यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। यात्रा एरोड्रम क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बिजासन माता मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं की भागीदारी ने पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया।
बड़ा गणपति से बिजासन माता मंदिर तक निकली यात्रा
विशाल चुनरी यात्रा की शुरुआत बड़ा गणपति मंदिर से हुई। अलग-अलग मार्गों से गुजरते हुए यात्रा बिजासन माता मंदिर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। माता के जयकारों के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी यात्रा में शामिल होकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
यह भी पढ़ें: 'मैडम ने थप्पड़ मारा, सिर नोचा...' गोरखपुर के प्ले-वे स्कूल की इस करतूत से कांपा मासूम!
CM बोले- मां के दरबार में नहीं कोई भेदभाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, एकता और सद्भाव का संदेश देने वाला अवसर भी है। उन्होंने कहा कि मां के दरबार में अमीर-गरीब, ऊंच-नीच और जाति-पंथ का कोई भेद नहीं होता। उन्होंने चुनरी यात्रा जैसे आयोजनों को सामाजिक समरसता मजबूत करने वाला बताया। उनके मुताबिक, ऐसे कार्यक्रम समाज के अलग-अलग वर्गों को एक साथ आने और आपसी भाईचारा बढ़ाने का अवसर देते हैं।
प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए मां से की प्रार्थना
CM मोहन यादव ने मां दुर्गा से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, वैभव और आनंद की कामना की। उन्होंने कहा कि मां की कृपा से सभी की मनोकामनाएं पूरी हों और प्रदेश में खुशहाली का वातावरण बना रहे। मुख्यमंत्री ने आने वाले दशहरे और दीपावली की भी प्रदेशवासियों को अग्रिम शुभकामनाएं दीं। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी और माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र धार्मिक उल्लास में डूबा नजर आया।
यह भी पढ़ें: भारत में बांग्लादेश-फ्रांस जैसे हालात की साजिश? किरेन रिजिजू के बयान से मचा बवाल






