रीवा में शनिवार को दो दिवसीय रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कॉन्क्लेव का उद्घाटन करते हुए निवेशकों का स्वागत किया।
Reva Regional Tourism conclave: रीवा में शनिवार को दो दिवसीय रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कॉन्क्लेव का उद्घाटन करते हुए निवेशकों का स्वागत किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ.मोहन यादव ने कहा कि टूरिज्म सेक्टर में मध्य प्रदेश तेज गति से आगे बढ़ रहा है। धार्मिक पर्यटन और वन्यजीव अभयारण्य से प्रदेश ने वैश्विक पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में 3000 करोड़ से अधिक के निवेश का प्रस्ताव मिला है। इस अवसर पर मध्यप्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में निवेश की अनंत संभावनाओं से निवेशकों को अवगत कराया। कॉन्क्लेव में आतिथ्य के क्षेत्र में निवेश करने वाले निवेशकों को आवंटन पत्र वितरित किए।
कॉन्क्लेव में पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने द ललित सूरी हॉस्पिटैलिटी ग्रुप की चेयरपर्सन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. ज्योत्सना सूरी और Alliance Air के चेयरमैन अमित कुमार से वन-टू-वन चर्चा कर निवेश के संबंध में चर्चा की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मैन ऑफ आइडियाज
क्षेत्रीय पर्यटन कांक्लेव को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के पर्यटन-संस्कृति और धार्मिक न्यास मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मैन ऑफ आइडियाज हैं। आइडियाज को धरती पर उतारने की शक्ति भी उन्हीं के पास है। हमारी सरकार की मंशा विंध्य-निमाड़ बुंदेलखंड को विकसित करना है। हमारा प्रदेश सबसे ज्यादा विविधताओं वाला प्रदेश है। हम चीता-टाइगर स्टेट हैं। धार्मिक टूरिज्म के क्षेत्र में उनके नेतृत्व में भी प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है। कुछ ही समय में प्रदेश में 13 करोड़ से ज्यादा टूरिस्ट आए। हम गर्व के साथ कह सकते हैं मुख्यमंत्री डॉ. यादव के विजन से पर्यटन ऊंचाईयां छू रहा है। मैं निवेशकों से कहना चाहता हूं कि हमारी फिल्म-टूरिज्म पॉलिसी सबसे अनूठी है। आप सभी निवेशकों का प्रदेश में बाहें फैलाकर स्वागत है। हम निवेशकों का रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत करते हैं।
यहां की भौगोलिक स्थिति पर्यटक को लुभाने वाली
पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि रीवा की भौगोलिक स्थिति किसी भी पर्यटक को लुभा सकती है। सफेद बाघ केवल रीवा में हैं। बांधवगढ़ के पुरातात्विक अवशेष सबसे बड़ी पूंजी है। आज रीवा की ट्रेन और एयर कनेक्टिविटी बेहतर है। मैं आश्वस्त करता हूं कि पिछला ये डेढ़ वर्ष उद्योगपतियों से संवाद के लिए जाना जाएगा। निवेशक यहां आएं, उनका स्वागत है।
यह इंवेस्टमेंट फ्रेंडली सरकार है: विजयवर्गीय
कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रदेश सरकार इंवेस्टमेंट फ्रेंडली सरकार है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सपना है कि 2047 तक भारत मजबूत देश हो। इसी तरह मध्यप्रदेश को भी मजबूत राज्य बनाना है। इसमें निवेशकों का भी सहयोग अपेक्षित है। प्रदेश में निवेशकों का स्वागत है।
हमारी सांस्कृतिक जड़ें गहरी: शिवशेखर गुप्ता
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने निवेशकों से कहा कि हमारी सांस्कृतिक जड़ें गहरी हैं। प्रदेश की पारंपरिक कलाओं को टूरिस्ट पूरे विश्व से देखने आते हैं। रीवा और जबलपुर में वॉटरफॉल हैं। आप इन जगहों पर जाकर नियाग्रा फॉल को भूल जाएंगे। ऐतिहासिक किले हैं। हमारा मध्यप्रदेश टाइगर-चीता स्टेट है। पूरे देश की अकेली व्हाइट सागर सफारी संजय दूबरी नेशनल पार्क में है। प्रदेश में देवियों के कई मंदिर हैं। जैसे मैहर, सलकनपुर। हमारा मध्यप्रदेश देश का दिल है। अगर आप यहां निवेश करते हैं, हमारे पास सबसे बेहतर पॉलिसी है। हम निवेशकों को अच्छा इंसेंटिव दे रहे हैं। हम निवेशकों के लिए रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत करते हैं।
मुख्यमंत्री विजनरी पर्सन: डॉ.ज्योत्सना सूरी
द ललित सूरी होस्पिटेलिटी ग्रुप की मैनेजिंग डायरेक्टर एवं चेयरपर्सन ज्योत्सना सूरी ने कहा कि सीएम डॉ. मोहन यादव विजिनरी मुख्यमंत्री हैं। इस कॉन्क्लेव ने सभी निवेशकों को इकट्ठा करने का काम किया है। हमने देखा कि मध्यप्रदेश बहुत खूबसूरत है। हमें उन जगहों पर फोकस करना होगा, जो अभी ज्यादा प्रसिद्ध नहीं हुई हैं। इससे स्थानीय लोगों का जीवन बदल जाएगा। रीवा केवल टूरिज्म डेस्टिनेशन नहीं है, बल्कि यह अपने आप में कहानी है। यह बताती है कि कितना कुछ यहां है। इस बात को दुनिया के सामने लाना है। टूरिज्म संस्कृति और लोगों को जोड़ने का माध्यम है।
