Sagar Fake Liquor Case: सागर के बंडा में नकली शराब से मौतों के मामले में सीएम मोहन यादव के निर्देश पर बड़ा एक्शन हुआ है। पांच अधिकारी निलंबित और एक मुख्यालय अटैच किया गया। अब पुलिस और आबकारी विभाग की भूमिका की जांच तेज हो गई है।
मध्य प्रदेश के सागर जिले में नकली शराब से हुई मौतों के मामले ने प्रशासनिक महकमे में हलचल बढ़ा दी है। बंडा तहसील के तीन गांवों में हुई मौतों के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया था। अब कार्रवाई का दायरा आबकारी विभाग से आगे बढ़कर पुलिस तक पहुंच गया है। प्रशासन ने कुल पांच अधिकारियों को निलंबित कर दिया है, जबकि एक अधिकारी को मुख्यालय अटैच किया गया है।
पहले आबकारी अधिकारियों पर गिरी गाज
मामला बंडा तहसील के गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन गांवों का है, जहां नकली शराब पीने से लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सागर की सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा वृत्त के आबकारी उप-निरीक्षक प्रोशनी उरेती को निलंबित किया गया। वहीं उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को सागर जिले से हटाकर ग्वालियर मुख्यालय अटैच कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: Delhi Building Collapse: जिस बिल्डिंग को खाली कराया था, वहीं फिर शुरू हुआ PG?
अब थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी भी निलंबित
मामले में ताजा कार्रवाई के तहत बंडा थाना प्रभारी और गूगरा चौकी प्रभारी को भी निलंबित कर दिया गया है। यानी अब तक पांच अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है। यह कदम बताता है कि प्रशासन सिर्फ अवैध शराब की सप्लाई की जांच तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि निगरानी और स्थानीय स्तर पर जिम्मेदारी भी तय की जा रही है।
सीएम बोले- किसी दोषी को नहीं छोड़ेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 6 सितंबर की सुबह ही अधिकारियों को तत्काल जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने प्रभावित इलाकों में राहत और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा था। इसके बाद सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों के इलाज और चिकित्सा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। फिलहाल प्रशासन की कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि नकली शराब की सप्लाई का नेटवर्क कहां तक फैला था और इसके पीछे कौन लोग हैं? जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और कार्रवाई की संभावना बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: Delhi Building Collapse: धूल का गुबार और चीख-पुकार...चश्मदीद बोला-बम धमाके जैसा था मंजर
