इंडिगो के मुंबई-रांची फ्लाइट में सोमवार की शाम एक यात्री खून की उल्टियां करने लगा। इसके बाद विमान ने नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग की। यात्री को हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन जान नहीं बची। 

नागपुर। मुंबई से रांची के लिए उड़ान भर रहे इंडिगो के फ्लाइट (Mumbai-Ranchi IndiGo flight) में एक यात्री अचानक खून की उल्टियां करने लगा। उस वक्त विमान नागपुर के करीब था। यात्री की जान को खतरे में देख पायलट ने नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला किया। विमान के उतरते ही यात्री को हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मृतक यात्री की पहचान 62 साल के देवानंद तिवारी के रूप में हुई है। सोमवार की शाम करीब आठ बजे उनकी तबियत खराब हो गई थी। उन्हें खून की उल्टी होने लगी। इसके बाद विमान को नागपुर में उतारा गया। आनन-फानन में देवानंद तिवारी को नागपुर के KIMS हॉस्पिटल में ले जाया गया। हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही यात्री की मौत हो गई।

टीबी और किडनी की बीमारी से पीड़ित था मृतक

KIMS हॉस्पिटल के ब्रांडिंग और कम्युनिकेशन डीजीएम ऐजाज शमी ने बताया कि मृतक CKD (Chronic kidney disease) और टीबी (tuberculosis) से पीड़ित था। शव को आगे की प्रक्रिया के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया है। आवश्यक चिकित्सा प्रक्रियाओं और मंजूरी के बाद विमान ने नागपुर से रांची तक की अपनी यात्रा पूरी की।