चुनाव आयोग के अधिकारियों ने नासिक के पंचवटी में महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे के बैग की जांच की। संजय राउत ने आरोप लगाया था कि शिंदे बैग में पैसे ले जाते हैं।

मुंबई। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने गुरुवार को महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे के बैग की जांच की है। घटना नासिक के पंचवटी की है। एकनाथ शिंदे चुनाव प्रचार के लिए हेलीकॉप्टर में सवार होकर पंचवटी आए थे। इस दौरान चुनाव आयोग के अधिकारियों ने उनके सामान की जांच की।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इससे पहले शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने आरोप लगाया था कि शिंदे हेलीकॉप्टर में नकदी से भरे बैग नासिक ले गए थे। हालांकि शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने इस दावे को खारिज कर दिया था। संजय राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें शिंदे हेलीकॉप्टर से उतरते और उनके आसपास कुछ लोग बड़े बैग ले जाते दिखे थे।

संजय राउत ने कहा था- चुनाव आयोग के लोग नहीं कर रहे एकनाथ शिंदे के हेलीकॉप्टर की जांच

संजय राउत ने मीडिया से बात करते हुए एकनाथ शिंदे पर चुनाव में धनबल के इस्तेमाल का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि वे लोग एक तरफ दावा करते हैं कि उन्हें लोगों का समर्थन हासिल है। ऐसे में उन्हें मतदाताओं को लुभाने के लिए पैसे की जरूरत क्यों है। उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग के अधिकारियों के पास हमारे हेलीकॉप्टरों की जांच करने का समय है, लेकिन इन लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।"

शिवसेना (एकनाथ शिंदे) के प्रवक्ता संजय शिरसाट ने राउत के दावे को खारिज किया था। उन्होंने कहा था कि सीएम के बैग में कपड़े थे। जब कोई नेता ऐसे दौरों पर जाता है, तो वह कपड़े से भरा बैग साथ ले जाता है।"

यह भी पढ़ें- मुसलमानों पर बजट का 15% हिस्सा खर्च करना चाहती है कांग्रेस, कर रही धर्म के आधार पर बंटवारा: नरेंद्र मोदी

5वें चरण में महाराष्ट्र के 13 सीटों पर होगा मतदान

बता दें कि महाराष्ट्र के 13 लोकसभा सीटों पर पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होना है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, भूषण पाटिल और उज्ज्वल निकम इस चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में से हैं। महाराष्ट्र में 48 लोकसभा सीटें हैं। जिन 13 सीटों पर मतदान होगा उनके नाम धुले, डिंडोरी, नासिक, कल्याण, पालघर, भिवंडी, ठाणे, मुंबई उत्तर, मुंबई उत्तर-पश्चिम, मुंबई उत्तर-पूर्व, मुंबई उत्तर-मध्य, मुंबई दक्षिण-मध्य और मुंबई दक्षिण हैं।

यह भी पढ़ें- बालासाहेब ठाकरे के सपनों को नकली शिवसेना ने किया चूर-चूर, कांग्रेस में होगा इसका विलय: नरेंद्र मोदी