जलगांव के पास पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह के बाद यात्री चलती ट्रेन से कूदने लगे। कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आने से 12 लोगों की मौत, कई घायल।

मुंबई। महाराष्ट्र के जलगांव के परांडा स्टेशन के पास बड़ा ट्रेन हादसा हुआ है। यहां पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैली और लोग चलती ट्रेन से कूदने लगे। इस दौरान किसी ने चेन खींचकर ट्रेन रोक दी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग ट्रेन से नीचे उतर गए। कुछ लोग बगल की पटरी पर बैठे थे तभी तेज रफ्तार कर्नाटक एक्सप्रेस आ गई। इससे बहुत से लोग कुचल गए। हादसे में 12 लोगों की मौत हुई है। 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैली थी। इससे यात्रियों में दहशत मच गई थी। बहुत से लोग चलती ट्रेन से कूद गए। इसी दौरान कुछ यात्रियों ने आपातकालीन चेन खींची। ट्रेन रूकी तो बहुत से लोग उतर गए। बहुत से यात्री बगल में मौजूद पटरी पर चले गए। इसी दौरान विपरीत दिशा से कर्नाटक एक्सप्रेस आई और उन्हें कुचल दिया।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बोले- घटनास्थल पर भेजी गईं आठ एंबुलेंस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि घटना स्थल पर आठ एंबुलेंस भेजी गई हैं। घायल हुए लोगों के इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों को तैयार कर दिया गया है। मंत्री गिरीश महाजन और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे हैं। जिला प्रशासन रेलवे प्रशासन के साथ समन्वय में काम कर रहा है।

योगी आदित्यनाथ बोले- प्रभावित परिवारों को मिलेगी सहायता

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। सीएम ने अधिकारियों को घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों को सहायता करने का निर्देश दिया है।