महाराष्ट्र में शुक्रवार से परिवहन निगम यानी MSRTC की बसों से यात्रा करने वाली महिलाओं को टिकट में 50 फीसदी की छूट मिलेगी। राज्य सरकार की तरफ से आज से महिलाओं के लिए यह सुविधा लागू कर दी गई है।

मुम्‍बई। महाराष्ट्र में शुक्रवार से परिवहन निगम यानी MSRTC की बसों से यात्रा करने वाली महिलाओं को टिकट में 50 फीसदी की छूट मिलेगी। राज्य सरकार की तरफ से आज से महिलाओं के लिए यह सुविधा लागू कर दी गई है। बता दें कि बीते 9 मार्च को महाराष्ट्र सरकार ने विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए बजट पेश किया था। उसमें यह ऐलान किया गया था। सरकार ने आज अपनी उसी घोषणा को अमली जामा पहनाया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सभी महिलाओं को मिलेगा लाभ

राज्य के डिप्टी सीएम व वित्त मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि परिवहन निकाय की बसों में यात्रा करने वाली सभी महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा। टिकट में 50 फीसदी छूट देने की घोषणा की गई थी। उसी घोषणा के आधार पर 17 मार्च यानि आज से सभी महिलाएं महाराष्ट्र परिवहन निगम की बसों में छूट पर यात्रा कर सकेंगी।

राज्य भर में मिलेगा छूट का लाभ

सुविधा के अनुसार, पूरे राज्य भर में महिलाएं जहां भी यात्रा करेंगी, उन्हें बसों के किराए में यह छूट मिलेगी। परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार, राज्य सरकार एमएसआरटीसी को महिलाओं को टिकटों में छूट दी गई राशि की प्रतिपूर्ति करेगी।

50 लाख से ज्यादा यात्री करते हैं सफर

​रिपोर्ट्स की मानें तो राज्य में प्रतिदिन 50 लाख से ज्यादा यात्री सफर करते हैं। राज्य में सरकारी बसों की संख्या लगभग 15 हजार है। निगम की तरफ से जारी किए गए प्रेस रिलीज के अनुसार, विभिन्न सामाजिक समूहों को टिकटों पर एमएसआरटीसी 33 फीसदी से 100 प्रतिशत तक की छूट उपलब्ध कराता है। उम्मीद जताई जा रही है कि यात्रा करने वाली महिलाओं की संख्या कुल यात्रियों में से 35-40 प्रतिशत तक रहेगी। परिवहन निगम की सभी प्रकार की बसों में यह छूट दी जाएगी। उनमें ​प्लेनमिडी, निमाराम, मिनी, गैर-वातानुकूलित स्लीपर-सीट, शिवशाही (सीट) और शिवसेनेरीशिवई (सादा और वातानुकूलित) बसें भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि जो यात्री कम्प्यूटरीकृत आरक्षण प्रणाली के जरिए या मोबाइल ऐप से टिकट खरीदेंगे, सेवा के प्रकार के आधार पर, उनसे लागू आरक्षण धनराशि ली जाएगी।