कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से प्रत्यर्पित किया जाएगा। सलमान खान केस समेत कई मामलों में वांटेड अनमोल पर NIA ने 10 लाख का इनाम रखा है।

मुंबई। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) के भाई अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से भारत लाया जाएगा। इसके लिए मुंबई पुलिस के क्राइम ब्रांच ने प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी है। अनमोल सलमान खान के घर पर गोलीबारी समेत कई और मामलों में वांटेड है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मुंबई पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अमेरिकी अधिकारियों ने भारतीय अधिकारियों को बताया है कि अनमोल बिश्नोई अमेरिका में है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने अनमोल बिश्नोई के प्रत्यर्पण मामले की जानकारी मुंबई सेशन कोर्ट को दी है। कहा है कि जल्द ही फाइल को आगे की प्रक्रिया के लिए केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। इसके साथ ही विदेश में उसकी तलाश में सहायता के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है।

17 आपराधिक मामलों में वांटेड है अनमोल बिश्नोई

अनमोल बिश्नोई 17 आपराधिक मामलों में वांटेड है। सलमान खान के घर के बाहर हुई गोलीबारी मामले में भी वह आरोपी है। इस मामले में जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार भी आरोपी हैं। पिछले सप्ताह NIA (National Investigation Agency) ने अनमोल बिश्नोई का नाम अपनी मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल किया था। उसकी गिरफ्तारी में सहायता देने वाली किसी भी सूचना के लिए 10 लाख रुपए इनाम की घोषणा की थी।

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में वांटेड है अनमोल बिश्नोई


अनमोल बिश्नोई सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में वांटेड है। उसपर हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों की आपूर्ति करने का आरोप है। बिश्नोई ने तुर्की में बनी टिसास और ग्लॉक पिस्टल मुहैया कराई थी। इसी तरह के हथियार का इस्तेमाल 12 अक्टूबर को एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या में किया गया था। बिश्नोई सिद्दीकी की हत्या के संदिग्धों में से एक के संपर्क में था। इससे साजिश में उसके शामिल होने का संकेत मिलता है।

12 अक्टूबर को दशहरा के अवसर पर बाबा सिद्दीकी अपने बेटे जिशान के ऑफिस के बाहर आतिशबाजी कर रहे थे तभी उनपर गोली चलाई गई थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अनमोल बिश्नोई आरोपी के सीधे संपर्क में था।