पुणे के धायरी में एक ज्वेलरी शॉप में खिलौना बंदूक दिखाकर 20-25 तोला सोना लूट लिया गया। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

महाराष्ट्र के पुणे से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां धायरी इलाके की एक ज्वेलरी शॉप में चोर घुस गए और दुकानदार को बंदूक दिखाकर सोना लूटकर फरार हो गए। लेकिन बाद में पता चला कि वो बंदूक असली नहीं, बल्कि एक खिलौना थी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

रिपोर्ट्स के मुताबिक, लुटेरों ने दुकानदार विष्णु दहीवाले को खिलौना बंदूक दिखाकर धमकाया। इसके बाद उन्होंने करीब 20 से 25 तोला सोना लूट लिया। लेकिन पुलिस और दुकानदार को असली झटका तब लगा जब उन्हें पता चला कि लूट में इस्तेमाल की गई बंदूक असली नहीं, बल्कि एक खिलौना थी।

ये पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस फुटेज की जांच कर रही है और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है। वीडियो में दो नकाबपोश लोग ज्वेलरी शॉप में घुसते दिख रहे हैं।

इससे पहले हरियाणा के सोनीपत में भी ऐसी ही एक घटना हुई थी। फ्लिपकार्ट से निकाले जाने के बाद एक पूर्व कर्मचारी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर खिलौना बंदूक दिखाकर 21 लाख रुपये लूट लिए थे।

इस लूट का मास्टरमाइंड सुमित नाम का युवक था, जो पहले फ्लिपकार्ट में काम करता था। उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बाद उसने अपने साथियों अनिल टाइगर और संदीप के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। लूट के एक महीने बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।