नागपुर में एक 24 वर्षीय महिला को पड़ोसी के घर से सोने के गहने चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महिला ने बताया कि प्रेमी द्वारा धोखा दिए जाने के कारण उसने यह कदम उठाया।

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में पुलिस ने चोरी करने के मामले में एक महिला को पकड़ा है। 24 साल की इस महिला ने पड़ोसी के सोने के गहने चुराए थे। उसने जब अपनी कहानी सुनाई तो पुलिसवालों को भी दया आ गई। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इस महिला को प्यार के नाम पर धोखा मिला। उसने जिस आदमी के साथ विवाह करने के सपने देखे थे उसने उसे पूरी तरह लूट लिया और अकेला छोड़ दिया। महिला ने बताया कि उसने आर्ट से ग्रेजुएट किया है। उसे पचपावली पुलिस ने चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 1.23 लाख रुपए का सोना बरामद किया है।

शादी का वादा कर प्रेमी ने लूटा, फिर बना ली दूरी

महिला विवाह करने के लिए मैट्रिमोनियल साइट पर साथी की तलाश कर रही थी। इस दौरान एक व्यक्ति से उसकी दोस्ती हुई। उसने शादी का वादा किया तो वह उसपर मोहित हो गई। इसके बाद उस आदमी ने महिला को लूटना शुरू कर दिया। वह शादी के खर्चों को पूरा करने के बहाने समय-समय पर उससे पैसे मांगने लगा।

महिला सुखी विवाहित जीवन की कल्पना में जी रही थी। वह अपने पैसे उस आदमी के बैंक खाते में ट्रांसफर करती रही। उसके पैसे खत्म हो गए, लेकिन उस व्यक्ति ने अपना वादा नहीं निभाया। उसे जब पता चला कि महिला के पास और पैसे नहीं है तो दूरी बना ली। इस धोखे से महिला पूरी तरह टूट गई।

पैसे जुटाने के लिए चोरी करने लगी महिला

पैसे जुटाने के लिए महिला ने चोरी का रास्ता अपना लिया। उसने पिछले महीने के आखिर में अपने आदर्श नगर स्थित घर के पड़ोसी में रहने वाले एक व्यक्ति के घर से सोने और कीमती सामान की चोरी कर ली। पीड़िता को चोरी के बारे में सितंबर के पहले सप्ताह में पता चला।

पुलिस के पास जाने से पहले पीड़ित ने कीमती सामान की तलाश करने की कोशिश की। बाद में उसने पचपावली थाने के अधिकारी बाबूराव राउत से संपर्क किया। राउत ने बताया कि पुलिस ने कामवाली बाई, रसोइए और पीड़ितों के कई रिश्तेदारों और दोस्तों से पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। राउत ने कहा, “हमें महिला की भूमिका पर संदेह था। वह अक्सर पीड़िता के घर आती-जाती रहती थी। पूछताछ के दौरान वह टूट गई और सारा राज उगल दिया।”

यह भी पढ़ें- पूजा खेडकर पर गिरी गाज, क्रेंद सरकार का बड़ा एक्शन, IAS के पद से किया बर्खास्त