मोहाली में चार मंजिला इमारत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए। NDRF और सेना की टीमों ने बचाव अभियान चलाया। इमारत के बगल में खुदाई के कारण हादसा हुआ।

मोहाली। पंजाब के मोहाली जिले में शनिवार को चार मंजिला इमारत गिरने से हिमाचल प्रदेश की एक 20 साल की महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। 15 लोग घायल हुए हैं। मृतक महिला की पहचान दृष्टि वर्मा के रूप में हुई है। वह ठियोग की रहने वाली थी। महिला को गंभीर हालत में मलबे से निकाला गया था। उसे सोहाना अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

Scroll to load tweet…

सेना और NDRF (National Disaster Response Team) की टीमों ने बचाव अभियान चलाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इमारत में एक जिम भी था। इसके बगल की जमीन में खुदाई की जा रही थी, जिसके चलते इमारत की नींव कमजोर हुई और यह ढह गई।

पुलिस ने दर्ज किया केस, सीएम स्थिति पर रख रहे नजर

पुलिस ने बताया कि भवन मालिकों परविंदर सिंह और गगनदीप सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया है। उनपर गैर इरादतन हत्या के आरोप लगे हैं। अधिकारियों ने बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने फोन पर बचाव अभियान को लेकर जानकारी ली है।

सीएम मान ने एक्स पर पोस्ट किया, "दुखद समाचार मिला है कि साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) में सोहाना के पास एक बहुमंजिला इमारत ढह गई है। पूरा प्रशासन और अन्य बचाव दल मौके पर तैनात हैं। मैं प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं। हमारी प्रार्थना है कि कोई जनहानि न हो। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। "

अधिकारियों ने एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है - 0172-2219506।

यह भी पढ़ें- पंजाब में निकाय चुनाव के बीच जबरदस्त फायरिंग, लोगों के बीच डर का माहौल