Ajmer News : अजमेर में बच्चों के झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों ओर से लाठी-डंडे और तलवारें चलीं, कई लोग घायल। पुलिस ने 10 थानों का बल तैनात किया।

अजमेर, राजस्थान के अजमेर जिले में एक मामूली विवाद ने सोमवार को उग्र रूप धारण कर लिया, जब बच्चों के बीच हुए झगड़े ने बड़ों को भी आमने-सामने ला दिया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला शुरू हो गया। इस संघर्ष में छह से अधिक लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अजमेर में बच्चों के झगड़े ने लिया हिंसक रूप

घटना गंज थाना क्षेत्र के लोंगिया इलाके में हुई, जहां कुछ बच्चे कंचे खेल रहे थे। खेल के दौरान किसी बात को लेकर उनमें विवाद हो गया, जो जल्द ही गाली-गलौज और धक्का-मुक्की में बदल गया। बच्चों के झगड़े की भनक लगते ही उनके परिजन भी मौके पर पहुंच गए और मामला तूल पकड़ गया।

अजमेर जिले के 10 थानों का पुलिस बल तैनात

विवाद के बढ़ते ही दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों से लैस होकर आमने-सामने आ गए। कुछ लोगों ने तलवारें भी निकाल लीं और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। इलाके की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने नौ थानों का जाप्ता तैनात कर दिया है। गंज थाना प्रभारी महावीर सिंह के अनुसार, "फिलहाल किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।"

लोंगिया मोहल्ला अजमेर का संवेदनशील इलाका

लोंगिया मोहल्ला अजमेर का संवेदनशील इलाका माना जाता है। यहां विभिन्न समुदायों के लोग रहते हैं और पूर्व में भी यहां कई बार आपसी टकराव की घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रशासन को इस क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। फिलहाल, इलाके में पुलिस गश्त जारी है और स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें-राजस्थान में दिल दहला देने वाली घटना, 4 से 5 लड़कियों से 7 लड़कों ने एक साथ किया रेप