बाड़मेर में 6 महीने पहले हुई शादी के बाद एक नवविवाहिता का शव पानी के टांके में मिला। परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बाड़मेर. थार नगरी बाड़मेर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां रीको थाना क्षेत्र के सिणधरी रोड स्थित एक घर में 22 वर्षीय नवविवाहिता अलका कंवर का शव पानी के अंडरग्राउंड टांके में मिला। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। अलका की शादी महज छह महीने पहले जसवंत सिंह से हुई थी। इस घटना के बाद पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

एक खबर ने पूरे परिवार को चौंका दिया…

शनिवार दोपहर तीन बजे से अलका लापता थी। उसके परिजन और ससुराल पक्ष ने उसे हर जगह ढूंढा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आधी रात को ससुराल वालों ने अलका का शव पानी के टांके में पाया और इसकी सूचना पीहर वालों को दी। यह खबर सुनकर अलका के परिवार में कोहराम मच गया।

आत्महत्या नहीं, कुछ दूसरा भी हो सकता है मामला

अलका के पिता गुलाब सिंह और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर शव को टांके में छिपाने की कोशिश की। उन्होंने यह भी कहा कि तलाशी के दौरान पानी के टांके की जांच की गई थीए लेकिन तब कुछ नहीं मिला। पीहर पक्ष का यह भी कहना है कि अलका का पति जसवंत उसे प्रताड़ित करता था और उसे अपने स्टैंडर्ड के लायक नहीं मानता था।

पुलिस निकालेगी दूसरा सुराग

पुलिस ने शव को टांके से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक पीहर पक्ष ने औपचारिक रूप से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। घटना के बाद ससुराल पक्ष के घर पर पीहर पक्ष और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लोग आक्रोशित हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।