चूरू में एक व्यक्ति ने पत्नी से विवाद के बाद ससुराल पर बम से हमला किया, जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई और अन्य घायल हुए। आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई।

चूरू. राजस्थान के चूरू जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी के बीच रिश्तों की खटास और बदले की आग ने एक परिवार को तहस-नहस कर दिया। यह घटना हनुमानगढ़ के भादरा तहसील के एक छोटे से गांव गड्डा के निवासी झाबर सिंह से जुड़ी है, जिसे अपनी पत्नी के धोखे का बदला लेने की सनक ने एक खतरनाक गुनाहगार बना दिया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अपनी पत्नी की बेवफाई से था दुखी…

घटना 2023 की है, जब झाबर सिंह ने अपनी पत्नी की बेवफाई से आहत होकर ससुराल पर देसी बम से हमला कर दिया। शादी के बाद पति-पत्नी में अनबन हुई, जिसके चलते झाबर सिंह की पत्नी अपने मायके लौट गई। इसके बाद वह एक अन्य व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी। इस बात से झाबर सिंह बेहद नाराज और अपमानित महसूस कर रहा था।

घर में बनाया देसी खतरनाक बम और उड़ा दिया घर

अपने गुस्से और बदले की भावना को शांत करने के लिए उसने एक खतरनाक देसी बम बनाया। घटना के दिन, उसने चूरू के पोटी गांव स्थित अपने ससुराल के बाहर जाकर बम फेंक दिया। इस विस्फोट में झाबर सिंह के साले की पत्नी बुरी तरह झुलस गई, जबकि उसके साले का बेटा मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। बम के प्रभाव से मोनू का एक हाथ शरीर से अलग हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

21 गवाहों और 68 दस्तावेजों को सबूत हुई उम्रकैद

वारदात के बाद ससुराल पक्ष ने रतन नगर थाने में झाबर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने झाबर सिंह को गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट में मुकदमा चलाया गया। अभियोजन पक्ष ने 21 गवाहों और 68 दस्तावेजों को सबूत के तौर पर पेश किया। अब जिला एवं सत्र न्यायाधीश रविंद्र कुमार ने झाबर सिंह को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और 75,000 रुपये के आर्थिक दंड की सजा सुनाई। यह मामला यह दर्शाता है कि गुस्सा और सनक किस हद तक इंसान को बर्बादी के कगार पर पहुंचा सकती है।