Nagaur Gunpowder Factory Blast : दिवाली की खुशियों के बीच राजस्थान के नागौर में एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बारूद के गोदाम में हुए जोरदार धमाके में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जिसके बाद इलाके में मातम पसर गया।

नागौर. राजस्थान के नागौर में गुरुवार सुबह बारूद के गोदाम में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि दोनों के शरीर के कई टुकड़े हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे से नाराज लोगों ने गोदाम के बाहर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस पर पथराव भी किया गया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया।

सुबह 9:40 बजे हुआ जोरदार धमाका

  • जानकारी के मुताबिक, घटना नागौर के बड़ली इलाके की है। गुरुवार सुबह करीब 9:40 बजे बारूद के गोदाम में अचानक ब्लास्ट हो गया। हादसे के समय गोदाम में दो युवक मौजूद थे। धमाके में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
  • मृतकों की पहचान 28 साल के मोहम्मद आमिर सौरगर और 32 साल के मुजिद सौरगर के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई थे। धमाके की आवाज आसपास के इलाकों तक सुनाई दी। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

गोदाम में अवैध तरीके से बनाया जा रहा था बारूद

  • शुरुआती जानकारी के अनुसार, जिस गोदाम में धमाका हुआ, वहां अवैध तरीके से बारूद बनाया जाता था। बताया जा रहा है कि पोटेशियम नाइट्रेट मिलाकर बारूद तैयार किया जा रहा था। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि धमाका किस वजह से हुआ।
  • गोदाम के मालिक का नाम मोहम्मद अमीन (50) बताया जा रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गोदाम में किस तरह का विस्फोटक रखा गया था और वहां बारूद बनाने का काम कब से चल रहा था।

डेढ़ घंटे बाद लोगों ने किया हंगामा, पुलिस पर पथराव

  • हादसे के करीब डेढ़ घंटे बाद गोदाम के बाहर जमा लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने भीड़ को वहां से हटाने की कोशिश की तो कुछ लोगों ने पथराव कर दिया।
  • इसके बाद पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए लाठीचार्ज किया और भीड़ को मौके से हटाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही धमाके की असली वजह और गोदाम में चल रहे काम से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।
Scroll to load tweet…