हनुमानगढ़ जेल में पत्नी ने पति को मोबाइल और नशीला पदार्थ पहुंचाने की कोशिश की। प्रहरी ने रंगे हाथों पकड़ा, साथी फरार। पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं।

हनुमानगढ़. राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में एक बार फिर जेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। रविवार को एक महिला ने अपने पति तक अवैध सामान पहुंचाने के लिए कानून की सभी सीमाएं लांघ दीं। महिला ने जिला कारागृह की दीवार के ऊपर से एक संदिग्ध पैकेट फेंका, जिसमें मोबाइल फोन, बीड़ी और अन्य नशीले पदार्थ थे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जब महिला बाइक पर जेल के पास पहुंची

यह घटना उस समय घटी जब महिला अपने साथी के साथ बाइक पर जेल के पास पहुंची। जैसे ही महिला ने पैकेट को जेल परिसर में फेंका, ड्यूटी पर तैनात सतर्क प्रहरी रामधन की उस पर नजर पड़ गई। उसने तुरंत एक्शन लेते हुए महिला को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

पैकेट में मिला यह सामान

पैकेट को जब खोला गया तो उसमें 3 मोबाइल फोन, 3 डाटा केबल, बीड़ी के 5 बंडल, 11 जर्दा के पैकेट और 8 चूने की ट्यूबें बरामद हुईं। इस घटना के बाद जेल प्रशासन को अलर्ट किया गया और महिला शकुंतला को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

  • पुलिस के मुताबिक महिला का पति वर्तमान में हनुमानगढ़ जेल में बंद है। वह इसी को देखते हुए यह सामान पहुंचाने आई थी। पुलिस फरार आरोपी विनोद की तलाश कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
  • यह कोई पहली घटना नहीं है जब हनुमानगढ़ जेल की सुरक्षा को चुनौती दी गई हो। इससे पहले भी कई बार दीवार के ऊपर से मोबाइल व अन्य अवैध सामग्री फेंके जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।