राजभवन ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार शाम राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा को मंत्रिपरिषद से बर्खास्त करने की सिफारिश की थी। राज्यपाल कलराज मिश्र ने सिफारिश को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।

जयपुर। राजस्थान सरकार के मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा को बर्खास्त कर दिया गया है। स्वास्थ्य राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने अपनी ही सरकार को महिलाओं की सुरक्षा करने में विफल करार दिया था। विधानसभा में उन्होंने कहा था कि महिला सुरक्षा को लेकर मणिपुर मामले पर बोलने के पहले अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। राजस्थान के मंत्री की बर्खास्तगी पर भारतीय जनता पार्टी ने अशोक गहलोत सरकार पर हमला बोला है।

राजभवन ने राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह के बर्खास्तगी की सूचना जारी की

राजस्थान राजभवन सचिवालय ने शुक्रवार को राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा को बर्खास्त किए जाने संबंधी नोटिस जारी की। राजभवन ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार शाम राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा को मंत्रिपरिषद से बर्खास्त करने की सिफारिश की थी। राज्यपाल कलराज मिश्र ने सिफारिश को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।

मोहब्बत की दुकान में ईमानदार ग्राहकों की जरुरत नहीं: बीजेपी

बीजेपी ने कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि महिला सशक्तीकरण, कांग्रेस शैली, इंदिरा गांधी से प्रेरित लोकतांत्रिक स्वभाव की झलक, राजस्थान के मंत्री की बर्खास्तगी है।राजस्थान सरकार में एक मंत्री को सच बोलने पर हटा दिया गया है। ऐसा लगता है कि मोहब्बत की दुकान में ईमानदार ग्राहकों के लिए कोई जगह नहीं है। इस दुकान में केवल भ्रष्ट और झूठे लोगों का ही स्वागत है।

Scroll to load tweet…

क्या कहा था विधानसभा में राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने?

दरअसल, राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस के एक विधायक मणिपुर में महिलाओं के न्यूड परेड वाली घटना का मुद्दा उठा रहे थे। वह मणिपुर हिंसा की बात कर रहे थे तभी राज्य के तत्कालीन स्वास्थ्य राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा उठे और उनकी बातों को काटते हुए सरकार के खिलाफ ही बयान दे दिया। एक वायरल वीडियो के अनुसार, राजस्थान सरकार के स्वास्थ्य राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि राजस्थान में हम महिलाओं की सुरक्षा में असफल रहे हैं। मणिपुर की बजाय हमें अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। मंत्री का बयान देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उधर, सदन से लेकर हर मोर्चे पर बीजेपी, अशोक गहलोत सरकार पर हमलावर हो गई। देखिए वीडियो क्या कहा राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने…

बयान के कुछ ही घंटों में हुई बर्खास्ती

राजेंद्र सिंह गुढ़ा के बयान के बाद अशोक गहलोत सरकार पर विपक्ष हमलावर हो गया। बीजेपी ने सवाल खड़े करने शुरू कर दिए। अपने ही मंत्री की वजह से मुश्किलों में आई सरकार ने मंत्री के बर्खास्तगी की सिफारिश कर दी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बिना देर किए राजभवन को राजेंद्र सिंह गुढ़ा को बर्खास्त करने की सिफारिश कर दी जिसके बाद बिना देर किए राज्यपाल कलराज मिश्रा ने कार्रवाई कर दी।

यह भी पढ़ें:

ओडिशा ट्रेन हादसा की पहली रिपोर्ट आई सामने: राज्यसभा सांसद डॉ.जॉन ब्रिटास के सवाल पर सरकार ने दिया जवाब