आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में आरोपी समर सिंह से पूछताछ की जा रही है। इस बीच पुलिस 10 अप्रैल को 72 घंटे की रिमांड के लिए फिर से अनुरोध करेगी। समर की कॉल डिटेल को खंगालने के साथ ही डेटा रिकवर करने का काम भी जारी है।

वाराणसी: भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को सुसाइड के लिए उकसाने वाले आरोपी गायक समर सिंह को शनिवार की शाम को रिमांड मजिस्ट्रेट तृप्ति सिंह की कोर्ट में पेश किया गया। उन्हें 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है। पहले पुलिस ने समर सिंह को 72 घंटे की कस्टडी रिमांड पर देने के लिए अनुरोध किया था। अदालत ने संबंधित कोर्ट के समक्ष 10 अफ्रैल को प्रार्थना पत्र पेश करने के लिए सारनाथ थाने को कहा है। इसके साथ ही समर सिंह की ओर से पेश की गई जमानत याचिका को भी खारिज कर दिया गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

फंदे के सहारे लटकता मिला था आकांक्षा का शव

गौरतलब है कि सारनाथ के एक होटल के कमरे में 26 मार्च को आकांक्षा दुबे का शव फंदे के सहारे लटकता हुआ पाया गया था। वह भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के लिए वाराणसी आई थीं। होटल के कमरे में शव मिलने के बाद 27 मार्च को आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने तहरीर देकर समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। मधु दुबे ने आजमगढ़ के मेंहनगर निवासी समर सिंह और उसके दोस्त बिलरियागांज के गद्दोपुर निवासी संजय सिंह पर बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। हालांकि मामले में केस दर्ज होने के साथ ही समर सिंह और संजय सिंह गायब हो गए। मामले में 6 अप्रैल की रात को समर सिंह को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। उसे गाजियाबाद की अदालत में पेश किया गया और पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर सड़क मार्ग से उसे शनिवार की सुबह वाराणसी लेकर आई। यहां तकरीबन 7 घंटे की कड़ी पूछताछ के बाद पुलिस ने समर सिंह को रिमांड मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। इस बीच आरोपी संजय सिंह की तलाश में सारनाथ थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम दबिश दे रही हैं।

कोर्ट के बाहर भारी संख्या में पहुंचे आकांक्षा के समर्थक

जब समर को कोर्ट में पेश किया गया तो भारी संख्या में आकांक्षा दुबे के समर्थक कोर्ट परिसर में पहुंच गए। इस बीच कचहरी में भारी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवानों की भी तैनाती की गई। पुलिस के अनुसार समर से विस्तार से पूछताछ के बाद ही इस घटना की गुत्थी सुलझेगी। 10 अप्रैल को समर की 72 घंटे की पुलिस रिमांड के लिए अनुरोध किया जाएगा। उसकी कॉल डिटेल खंगालने के साथ ही डेटा रिकवर करने का प्रयास भी जारी है।

गोकशी की घटना के खुलासे पर उठे सवाल, पहले से जेल में बंद आरोपी को दिखा दिया फरार