Ramji Lal Suman attack: अखिलेश यादव ने रामजी लाल सुमन पर हमले के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया और खुली बहस की चुनौती दी। उन्होंने पीडीए पर हमलों का आरोप लगाया और 2027 में भाजपा को हराने का दावा किया।

UP Vidhansabha Election 2027: उत्तर प्रदेश की राजनीति में गरमाहट बढ़ गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन पर हमला करने वालों को मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का संरक्षण प्राप्त है। अखिलेश ने चुनौती दी कि वह किसी भी मुद्दे पर खुले मंच पर बातचीत के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, "मैं भाजपा के लोगों को आमंत्रित करता हूं, आइए और खुली बहस करिए।"

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

रामजी लाल सुमन पर हमले को बताया सरकार की नाकामी

अखिलेश यादव ने सोमवार को सपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा सरकार में पीडीए — पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, आधी आबादी और आदिवासियों — पर सुनियोजित हमले हो रहे हैं। रामजी लाल सुमन पर हुआ हमला इसी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में ऊपर से नीचे तक एक ही जाति विशेष के लोग बैठे हैं, जिनके इशारे पर यह सब हो रहा है।

उन्होंने कहा, "रामजी लाल सुमन दलितों की आवाज उठाने के लिए बुलंदशहर के सुनहरा गांव जा रहे थे। यह हमला सिर्फ एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि सरकार और कानून व्यवस्था पर सीधी चुनौती है।" अखिलेश ने कहा कि समाजवादी डरने वाले नहीं हैं, और जो धमकी दे रहे हैं, असल में वे मुख्यमंत्री और डीजीपी को चुनौती दे रहे हैं।

पाकिस्तान पर केंद्र सरकार के फैसले का समर्थन

पहलवगाम में हुए आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यदि केंद्र सरकार पाकिस्तान को सिंधु नदी का पानी रोकने का निर्णय लेती है, तो समाजवादी पार्टी इसका पूरा समर्थन करेगी। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार के कदमों के साथ खड़े रहने की बात कही।

महापुरुषों पर टिप्पणी से बचने की सलाह

जब पत्रकारों ने वीर सावरकर पर समाजवादी पार्टी की राय पूछी, तो अखिलेश ने कहा कि किसी भी महापुरुष के बारे में ऐसा कोई शब्द नहीं कहना चाहिए, जिससे किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी को व्यक्तिगत सलाह नहीं दे रहे हैं, लेकिन सभी को संयमित भाषा का प्रयोग करना चाहिए। साथ ही भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी विचारधारा की नींव "फूट डालो और राज करो" के सिद्धांत पर टिकी है।

2027 में पीडीए की ताकत से भाजपा को घेरने का ऐलान

सपा मुख्यालय में समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पीडीए के संकल्प के साथ लोहिया वाहिनी के युवा कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा के खिलाफ माहौल बनाएंगे। अखिलेश ने विश्वास जताया कि 2027 में भाजपा सत्ता से बाहर हो जाएगी। बैठक में सपा के वरिष्ठ नेता किरनमय नंदा, संजय लाठर और सुनील सिंह साजन भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:'मैं योगी बोल रहा हूँ...!' संभल में बड़ा फर्जीबाड़ा पकड़ा गया