बिहार चुनाव 2025: भारी बारिश में भी सीएम योगी आदित्यनाथ की लालगंज रैली में जनसैलाब उमड़ा। योगी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए एनडीए की जीत को पक्की बताया और कहा कि बिहार को अपराध मुक्त व विकसित बनाने के लिए डबल इंजन सरकार जरूरी है।

वैशाली। भारी बारिश के बावजूद ब्रह्मानंद पंजियार कॉमर्स कॉलेज मैदान में लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी सभा में ‘जय श्री राम’ और ‘हर हर महादेव’ के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। योगी आदित्यनाथ लालगंज विधानसभा से बीजेपी प्रत्याशी संजय कुमार सिंह के समर्थन में पहुंचे थे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सभा को संबोधित करते हुए योगी ने विपक्ष पर करारा हमला बोला और कहा, “राहुल गांधी अगर प्रचार में उतर आए हैं, तो एनडीए की जीत तय है।” बारिश में भीड़ के उत्साह को देखकर उन्होंने कहा, “यह कीचड़ में कमल खिलाने का संकेत है।”

CM योगी बोले- 'वैशाली की भूमि लोकतंत्र की जननी'

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैशाली की धरती लोकतंत्र की जननी है, जिसने दुनिया को नालंदा विश्वविद्यालय और भगवान महावीर जैसी अनमोल विरासत दी। आज यही भूमि नए भारत के संकल्प की गवाह बन रही है। CM योगी ने कहा कि नया भारत अब रुकता नहीं, झुकता नहीं और आतंकवाद व नक्सलवाद को उसकी मांद में घुसकर खत्म करना जानता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास और सुरक्षा दोनों क्षेत्रों में नई मिसालें कायम की हैं। उन्होंने कहा-

नया भारत सबका साथ, सबका विकास करता है, लेकिन तुष्टिकरण किसी का नहीं।

गरीबों को मिला हक, विपक्ष से की तीखी तुलना

सीएम योगी ने कहा कि आज भारत दुनिया का एकमात्र देश है जो 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन, 50 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज और हर गरीब को घर, शौचालय और बिजली की सुविधा दे रहा है। उन्होंने कांग्रेस और आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा-

इन दलों ने 15 साल राज किया लेकिन गरीब को छत तक नहीं दे पाए। मोदी जी ने 10 साल में वो कर दिखाया जो ये नहीं कर सके।

'राहुल गांधी आते हैं, तो NDA की जीत तय'- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तंज कसते हुए कहा, “राहुल गांधी जब भी प्रचार करते हैं, एनडीए की जीत सुनिश्चित हो जाती है। वे हमारी जीत की गारंटी हैं।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस-आरजेडी गठबंधन सत्ता में आया तो माफिया राज, लूट, अपहरण और बेटियों की असुरक्षा फिर लौट आएगी। गरीबों का राशन लूटा जाएगा और व्यापारी असुरक्षित महसूस करेंगे। लेकिन एनडीए ऐसा नहीं होने देगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने UP का उदाहरण दिया- 'अब माफिया या तो जेल में हैं या भाग गए'

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति आज देश के लिए उदाहरण बन चुकी है। जो माफिया पहले सत्ता का हिस्सा बनते थे, आज जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं। उन्होंने कहा-

हमारे बुलडोजर जब चलते हैं, तो माफिया की अवैध संपत्तियां ढहती हैं और उन्हीं जमीनों पर गरीबों के मकान बनते हैं। यूपी अब विरासत और विकास दोनों का मॉडल है, जहां न माफिया बचता है, न भ्रष्टाचार।

योगी आदित्यनाथ ने सरदार पटेल को किया नमन- “उन्होंने देश को अखंड बनाया”

मुख्यमंत्री ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने ब्रिटिशों की विभाजन की साजिश को नाकाम करते हुए देश को एक सूत्र में बांधा। उन्होंने कहा-

प्रधानमंत्री मोदी उसी एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं। अगर बिहार को भी विकसित बनाना है तो एनडीए की डबल इंजन सरकार को मजबूत करना होगा।

'लालगंज से कमल खिलेगा'- संजय कुमार सिंह के समर्थन में CM योगी की अपील

सीएम योगी ने कहा कि संजय कुमार सिंह जैसे जनसेवक को जिताना बिहार के भविष्य को सुरक्षित करना है। बारिश और कीचड़ के बावजूद जुटी भीड़ यह बता रही है कि लालगंज से इस बार कमल जरूर खिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की-

घर-घर जाकर वोट मांगिए, बिहार भी यूपी की तरह अपराध और अराजकता से मुक्त होगा। विकसित बिहार, विकसित भारत का रास्ता यहीं से निकलेगा।