सीएम योगी आदित्यनाथ ने बिहार में राजद-कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये लोग लालटेन के अंधेरे से जंगलराज लाए थे। एनडीए की डबल इंजन सरकार ही बिहार को विकास की राह पर आगे बढ़ा सकती है। जनसभा में जनता का जोश चरम पर दिखा।

पश्चिम चंपारण। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बिहार चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस और राजद पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राजद के लोग लालटेन लेकर आते थे, केरोसिन बेच देते थे और फिर अंधेरे में डकैती डालते थे। अराजकता फैलाना उनका स्वभाव है। चारा खाने वाले अब जनता का राशन हड़पने आए हैं। इनसे सावधान रहना जरूरी है क्योंकि ये विकास और गरीब कल्याण की योजनाओं को रोक देंगे और फिर से जंगलराज लाएंगे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

राजद-कांग्रेस के समय हुआ था अपराध और अराजकता का दौर

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और राजद के शासन में बिहार में 60 से अधिक जातीय नरसंहार हुए। 30 हजार से अधिक अपहरण की घटनाएं दर्ज हुईं। व्यापारी, इंजीनियर, डॉक्टर और बेटियों का अपहरण होता था। सरकार अपराधियों के सामने झुकती थी और मध्यस्थता की बात करती थी। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में अपराधियों पर कार्रवाई करने का साहस नहीं है। सीएम ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में माफिया की संपत्ति पर बुलडोजर चलता है तो उनके आका भी डर जाते हैं। लेकिन कांग्रेस और राजद माफिया, दंगाइयों और भ्रष्टाचारियों को गले लगाते हैं। उनकी संवेदना गरीबों के प्रति नहीं बल्कि अपराधियों के प्रति है।

सीएम योगी की जनसभा में उमड़ा जनसैलाब

सीएम योगी ने लौरिया में भाजपा प्रत्याशी और भोजपुरी कलाकार विनय बिहारी के समर्थन में विशाल जनसभा की। लोगों ने बुलडोजर बाबा जिंदाबाद और जय श्रीराम के नारों से पूरा माहौल गुंजा दिया। जनसभा स्थल पर युवाओं ने बुलडोजर बाबा की पट्टियाँ पहनकर सीएम योगी का स्वागत किया।

राजद-कांग्रेस ने नौकरी के नाम पर नौजवानों से की ठगी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब राजद और कांग्रेस सत्ता में थे, तब उन्होंने युवाओं को नौकरी के नाम पर ठगा और उनकी जमीन हड़प ली। अपहरण एक उद्योग बन चुका था, नया उद्योग कोई नहीं लगता था। नीतीश कुमार के नेतृत्व में अपहरण उद्योग बंद हुआ और विकास के रास्ते खुले। सीएम ने कहा कि आज का बिहार नया है- समृद्ध और आत्मनिर्भर। जब बिहार आगे बढ़ता है, तो भारत भी समृद्ध होता है। उन्होंने जनता से एनडीए प्रत्याशी को जिताकर स्वर्णिम बिहार के सपने को साकार करने की अपील की।

CM योगी ने जनता को याद दिलाया जंगलराज का दौर

सीएम योगी ने कहा कि जिन्होंने 2005 से पहले का जंगलराज देखा है, वे आज की पीढ़ी को बताएं कि लालटेन के उस दौर में अंधेरा ही अंधेरा था। अब बिहार प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में एलईडी की दूधिया रोशनी में चमक रहा है। एनडीए ने 20 वर्षों में राजद-कांग्रेस के भ्रष्टाचार और अराजकता के गड्ढे भरे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 10 करोड़ गरीबों को फ्री गैस सिलेंडर, 4 करोड़ घरों में बिजली, 3 करोड़ घर और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया है। जबकि कांग्रेस के समय सिलेंडर ब्लैक में 50 हजार रुपये तक में बिकता था।

भोजपुरी संस्कृति और कलाकारों का सम्मान

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भोजपुरिया लोगों ने जहां भी गए, वहां की भूमि को उपजाऊ बनाया। बिहार की भूमि मैथिली और भोजपुरी संस्कृति की धरोहर है। उन्होंने शारदा सिन्हा का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें पद्म पुरस्कार भी एनडीए सरकार ने दिया। सीएम ने बताया कि यूपी में उन्होंने भोजपुरी कलाकार रवि किशन और दिनेश लाल यादव को सांसद बनवाया, क्योंकि कलाकार समाज की प्रेरणा होते हैं। लौरिया से एनडीए ने भी भोजपुरी कलाकार को प्रत्याशी बनाया है।

पहले चरण के मतदान में दिखा एनडीए के पक्ष में उत्साह

सीएम योगी ने कहा कि पहले चरण में बिहार की माताओं, किसानों और युवाओं ने रिकॉर्ड मतदान किया। 65 प्रतिशत मतदान यह बताता है कि 14 नवंबर को जब ईवीएम खुलेगी, तब फिर से एनडीए सरकार बनेगी।

वंदे मातरम् के 150 वर्ष और राम मंदिर का निर्माण

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज वंदे मातरम् की रचना को 150 वर्ष पूरे हुए हैं। बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने 1875 में इस गीत से आजादी की चेतना जगाई थी। भारत का नौजवान इसे गाते-गाते फांसी पर झूल जाता था, लेकिन स्वाधीनता से विचलित नहीं होता था। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार आने के बाद ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ। सीतामढ़ी में मां जानकी के भव्य मंदिर और महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट का कार्य चल रहा है। यही वास्तविक सामाजिक न्याय है।

बुलडोजर बाबा की गर्जना से गूंजा लौरिया

जनसभा में लोगों का उत्साह चरम पर था। मैदान, इमारतों और पेड़ों पर खड़े लोग योगी आदित्यनाथ को देखने उमड़ पड़े। "बुलडोजर बाबा जिंदाबाद" और "जय श्रीराम" के नारे पूरे कार्यक्रम में गूंजते रहे।