दीघा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने राजद-कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। कहा कि लालू शासन में नरसंहार और अराजकता थी, अब बिहार विकास की राह पर है। बोले—2026 तक नक्सलवाद खत्म होगा, स्वर्णिम बिहार के लिए एनडीए जरूरी है।

पटना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पटना के दीघा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा में महागठबंधन पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस ने बिहार को लूट, भ्रष्टाचार, जातीय संघर्ष और अराजकता की आग में झोंक दिया था। योगी ने कहा, “जिन लोगों ने बिहार की पहचान पर संकट खड़ा किया, वही आज फिर वोट मांगने आ रहे हैं।”

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उन्होंने याद दिलाया कि लालू यादव के शासनकाल में छह दर्जन से अधिक जातीय नरसंहार हुए। बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा खत्म थी। उन्होंने तंज कसा, “राजद सरकार गरीबों का अन्न ही नहीं, पशुओं का चारा तक खा गई थी।”

राजद-कांग्रेस ने बिहार का नाम बदनाम किया, मोदी सरकार ने दिलाया सम्मान

सीएम योगी ने कहा कि राजद और कांग्रेस के शासन में बिहार का नाम बदनाम हुआ, लेकिन आज बिहार स्वर्णिम युग की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गरीबों के हक की सच्ची संरक्षक है। “आज 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 50 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य बीमा और करोड़ों को मकान, शौचालय और गैस कनेक्शन मिल रहा है,” उन्होंने कहा। सीएम ने जोड़ा कि राजद-कांग्रेस ने गरीबों को हक से वंचित रखा, जबकि भाजपा सरकार ने उन्हें अधिकार और सम्मान दोनों दिया।

'जब लोकतंत्र पर हमला हुआ, बिहार ने सबसे पहले आवाज उठाई'- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार ने हमेशा लोकतंत्र की रक्षा की है। उन्होंने याद दिलाया कि जयप्रकाश नारायण जी के नेतृत्व में बिहार के नौजवानों ने कांग्रेस की तानाशाही को उखाड़ फेंका था।

सीएम योगी ने कहा कि वही भावना अब फिर से एनडीए के पक्ष में दिखनी चाहिए। महागठबंधन पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि यह गठबंधन अब तीन बंदरों की तरह है-

एक पप्पू, एक टप्पू, और एक अप्पू। एक सच बोल नहीं सकता, एक सच देख नहीं सकता और एक सच सुन नहीं सकता।

'यह नया बिहार है- विकास और विरासत पर गर्व करने वाला'- CM योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार और उत्तर प्रदेश विरासत और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बन गया है और सीतामढ़ी में मां जानकी मंदिर का निर्माण हो रहा है। “मोदी जी ने अयोध्या से सीतामढ़ी को जोड़ने वाली फोर लेन सड़क के लिए 6,155 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं,” उन्होंने कहा।

योगी ने कहा कि आज बिहार मेट्रो, एयरपोर्ट, एनआईटी, आईआईएम, एम्स, स्मार्ट सिटी और इनलैंड वॉटरवे जैसी आधुनिक सुविधाओं से जुड़ रहा है। “अब बिहार सेमीकंडक्टर हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह नया बिहार है जिस पर पूरा भारत गर्व करता है,” उन्होंने जोड़ा।

'स्वर्णिम बिहार के लिए एनडीए की डबल इंजन सरकार जरूरी'- CM योगी

सीएम योगी ने कहा कि एनडीए की डबल इंजन सरकार ने बिहार और यूपी दोनों में विकास की गति बढ़ाई है। उन्होंने कहा, “पहले मैं गोरखपुर से दरभंगा आने में 16 घंटे लगाता था, आज लखनऊ से सिर्फ 45 मिनट में पहुंच जाता हूं। यही डबल इंजन की स्पीड है।” उन्होंने जनता से अपील की कि स्वर्णिम बिहार के लिए फिर से एनडीए की सरकार बनाएं। उन्होंने कहा कि बिहार को अराजकता और अपहरण के युग में वापस नहीं जाने देना है।

योगी ने वादा किया कि अगर एनडीए सरकार बनी, तो दीघा की 1024 बीघा भूमि विवाद का समाधान छह महीने में कर दिया जाएगा।

'2026 तक भारत से नक्सलवाद का सफाया होगा'- योगी आदित्यनाथ

माले और माओवाद पर निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत से 2026 तक नक्सलवाद समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में माले को फिर से सिर नहीं उठाने देना है, क्योंकि ये लोग माफिया और अराजकता को बढ़ावा देते हैं। अंत में सीएम योगी ने जनता से भाजपा उम्मीदवार संजीव चौरसिया को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “स्वर्णिम बिहार का सपना केवल एनडीए ही साकार कर सकता है।”