सारण के गरखा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस, आरजेडी और समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार किया। कहा कि उन्होंने रामभक्तों का अपमान किया और बिहार को नरसंहार व अराजकता दी। बोले—अब बिहार में माफिया नहीं, बुलडोजर राज चलेगा।

सारण। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सारण जिले के गरखा विधानसभा क्षेत्र में विशाल जनसभा को संबोधित किया। एनडीए प्रत्याशी सीमांत मृणाल के समर्थन में बोलते हुए उन्होंने कांग्रेस और राजद पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी ने न केवल बिहार की पहचान को खराब किया, बल्कि मां जानकी और भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारकर हिंदू आस्था का अपमान किया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

'रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे' का वादा पूरा हुआ

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ने कहा था कि भगवान राम हुए ही नहीं। हिंदुओं के लिए इससे बड़ी गाली और क्या हो सकती है? आरजेडी ने राम मंदिर रथ यात्रा को रोक दिया था और लाठीचार्ज कराया था। समाजवादी पार्टी ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं। उन्होंने कहा, “हमने कहा था ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’, और आज भव्य राम मंदिर बन चुका है। अगर उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार न होती, तो क्या मंदिर बन पाता?”

'आरजेडी के शासन में नरसंहार, अपहरण और अराजकता थी'- CM योगी

सीएम योगी ने कहा कि 1992 से 2005 के बीच बिहार की पहचान नरसंहार, अपहरण और अराजकता से बनी। उन्होंने बताया कि उस दौरान पांच दर्जन से अधिक जातीय नरसंहार हुए, 30 हजार से ज्यादा अपहरण हुए, व्यापारी असुरक्षित थे और बेटियां घर से निकलने में डरती थीं। बिहार के युवाओं को पलायन करना पड़ा- यही था आरजेडी राज का बिहार।

एनडीए ने विकास की नई धारा बहाई

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब बिहार ने एनडीए को मौका दिया, तो विकास की नई धारा शुरू हुई। नीतीश कुमार के नेतृत्व में माफियाओं की उलटी गिनती शुरू हुई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास को नई गति दी। उन्होंने कहा कि अब बिहार को फिर से ठगने के लिए वही लोग आ गए हैं, जिन्होंने बिहार का पतन किया था।

'जेपी की विरासत का सम्मान एनडीए ने किया'- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी के नाम पर राजनीति करने वाले उनकी पत्नी के नाम पर अस्पताल तक नहीं बना सके। लेकिन हमारी सरकार ने सिताब दियारा में 100 बेड का अस्पताल उनकी धर्मपत्नी के नाम पर बनवाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-राजद महापुरुषों के योगदान को भूलते हैं, जबकि एनडीए विरासत का सम्मान करता है। यही सच्चा राष्ट्रवाद है।

इंडी गठबंधन के तीन बंदर: पप्पू, टप्पू और अप्पू- CM योगी आदित्यनाथ

योगी आदित्यनाथ ने व्यंग्य करते हुए कहा कि गांधीजी के तीन बंदर थे- बुरा मत बोलो, बुरा मत सुनो, बुरा मत देखो। लेकिन इंडी गठबंधन के तीन बंदर हैं पप्पू, टप्पू और अप्पू — एक सच देख नहीं सकता, एक सुन नहीं सकता, एक बोल नहीं सकता। इसीलिए उन्हें मोदी जी का विकास, गरीबों का कल्याण और विरासत का सम्मान नहीं दिखता।

'अब बिहार में माफिया नहीं, बुलडोजर राज चलेगा'- CM योगी

सीएम योगी ने कहा कि आरजेडी के शासन में माफियाओं को संरक्षण मिलता था। उन्होंने कहा कि सिवान में हुई एसिड अटैक की घटनाएं उसी समय की देन हैं। अब ऐसा नहीं होगा- जैसे उत्तर प्रदेश में बुलडोजर से माफिया की संपत्ति ध्वस्त की जा रही है, वैसे ही अब बिहार में भी बुलडोजर राज चलेगा।

'बिहार और यूपी का रोटी-बेटी का रिश्ता है'- CM योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी ने कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश का रिश्ता आज का नहीं, त्रेता युग से रोटी-बेटी का है। उन्होंने कहा, “हम एक परिवार हैं। जब यूपी प्रगति करता है, तो बिहार भी आगे बढ़ता है।” जनता से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार को पहचान, सम्मान और विकास देने के लिए एनडीए प्रत्याशी सीमांत मृणाल (लोजपा-आर) को हेलीकॉप्टर निशान पर वोट देकर भारी मतों से विजयी बनाएं।