Brijesh Pathak Attack On Akhilesh Yadav: डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सपा राज में कसाइयों को संरक्षण और गौहत्या को बढ़ावा मिला, जबकि योगी सरकार में अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हो रही है।
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय अपराधियों को खुला संरक्षण मिला था और अवैध बूचड़खाने खुलेआम चलते थे। जबकि भाजपा सरकार में गौ माता को सम्मान और संरक्षण दिया गया है। बृजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की बिलबिलाहट काफी समय से देख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने हमेशा वोट बैंक की राजनीति के लिए अपराधियों को पनाह दी।
गौहत्या को संरक्षण देने वाली सपा, रोक लगाने वाली भाजपा
डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा राज में कसाइयों को संरक्षण मिलता था और गौहत्या आम बात थी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने गौ माता की रक्षा सुनिश्चित की और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। गोरखपुर प्रकरण का जिक्र करते हुए पाठक ने कहा कि अपराधी रहीम की गिरफ्तारी 24 घंटे के भीतर हो गई। इसी वजह से सपा परेशान है और अपराधियों को बचाने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: बाल रचनाकारों से लेकर महान लेखकों तक, गोमती बुक फेस्टिवल में हर पुस्तक मिलेगी
योगी सरकार में अपराधियों पर सख्ती
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अपराधियों पर फूल नहीं बरसाए जाएंगे। अगर अपराधी पुलिस पर गोली चलाएंगे, तो पुलिस भी उसी भाषा में जवाब देगी। आज अपराधी या तो जेलों में हैं या प्रदेश छोड़कर भाग चुके हैं।
पाठक ने कटाक्ष किया कि सत्ता की भूख समाजवादी पार्टी को चैन से सोने नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि जनता ने सपा को नकार दिया है और अब सत्ता से उनका हमेशा के लिए रिश्ता टूट चुका है।
योगी सरकार में बेटियां और व्यापारी सुरक्षित
डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा सरकार में बेटियां शाम पांच बजे के बाद घर से बाहर निकलने से डरती थीं। व्यापारी जबरन वसूली से परेशान रहते थे। आज बेटियां आधी रात को भी सुरक्षित निकल सकती हैं और व्यापारी शांति से कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि 2017 से अब तक 240 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए हैं। इसके कारण 550 वर्ग किलोमीटर से अधिक वन क्षेत्र में वृद्धि हुई है।
सबका साथ, सबका विकास की राह पर यूपी
बृजेश पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार जातिवाद या तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के मंत्र पर काम करते हुए उत्तर प्रदेश को अग्रणी राज्यों की पंक्ति में खड़ा किया है।
यह भी पढ़ें: Lucknow के मॉल में फिल्मी स्टाइल में चली गोलियां, मच गई अफरा-तफरी, चार गिरफ्तार
