सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। हनुमानगढ़ी में पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। रामलला मंदिर में आरती के बाद निर्माण कार्यों की समीक्षा की। श्रद्धालुओं और जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। उन्होंने अपने कार्यक्रम की शुरुआत संकट मोचन हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन से की। यहां उन्होंने प्रदेश के लोगों की सुख, शांति और समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की।
श्रीरामलला के दरबार में पहुंचे CM योगी, मंदिर निर्माण की प्रगति देखी
हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री सीधे श्रीरामलला विराजमान के मंदिर पहुंचे। उन्होंने आरती की, प्रभु श्रीराम के चरणों में शीश नवाया और परिक्रमा करते हुए मंदिर निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री को राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने वर्तमान निर्माण स्थिति और आगे होने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। सीएम ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं ने गर्मजोशी से किया स्वागत
श्रीरामलला के दर्शन के बाद जैसे ही मुख्यमंत्री बाहर निकले, बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री योगी ने भी हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया। पूरा परिसर “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा।
हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों ने किया भव्य स्वागत
अयोध्या पहुंचने पर रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, अमित सिंह चौहान, रामचंद्र यादव, अभय सिंह, चंद्रभानु पासवान, बीजेपी जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव समेत कई जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नवंबर माह का पहला अयोध्या दौरा था।


