फिल्म स्टार सलमान खान और विधायक जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में 20 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर तैयब अली को नोएडा से गिरफ्तार किया गया। तैयब के परिवार का कहना है कि उसने मजाक में धमकी दी थी।

बरेली। फिल्म स्टार सलमान खान और एनसीपी (अजीत पवार) नेता रहे बाबा सिद्दीकी के बेटे व विधायक जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी देने के चलते मुंबई पुलिस ने नोएडा से 20 साल के मोहम्मद तैयब अली को गिरफ्तार किया था। तैयब अली के बारे में अब जानकारी सामने आई है। वह दिहाड़ी मजदूर है। 400-500 रुपए रोज पर बढ़ई का काम करता है। वह नोएडा सेक्टर 39 में अपने चाचा के साथ रहता था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

तैय्यब का परिवार उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजीपुरा के मुड़िया हाफिज गांव में रहता है। उसकी मां ने कहा कि मेरे बेटे ने बेवकूफी की है। उसका कोई गलत इरादा नहीं था। उसकी दो बहनों ने कहा कि उनके भाई ने स्कूल की पढ़ाई छोड़ दी थी। उसने मजाक-मजाक में धमकी दी होगी।

डॉन बनने का सपना देखता था तैय्यब

तैय्यब के चाचा इरशाद अली ने मीडिया को बताया कि "पुलिस ने मेरे घर की तलाशी ली है। कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। मेरा भतीजा नोएडा आने के बाद शराबी हो गया है। हम अभी भी सदमे में हैं कि उसने ऐसा कुछ किया। एक पड़ोसी ने बताया कि तैय्यब गरीब परिवार से है। उसके पिता दर्जी हैं। तैय्यब मशहूर होना चाहता था। डॉन बनने का सपना देखता था। अपनी बदमाशी के चलते वह अक्सर विवादों में घिर जाता था।

कंस्ट्रक्शन साइट पर काम कर रहा था तैय्यब

नोएडा के डिप्टी एसपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि तैय्यब सेक्टर 92 में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर काम कर रहा था। उसे रोज के 400 से 500 रुपए मिलते थे। मुंबई पुलिस की एक टीम उसे अपने साथ ले गई। पूछताछ के दौरान तैय्यब ने बताया कि उसने मजाक में धमकी दी थी।

बता दें कि शुक्रवार शाम को मुंबई के बांद्रा में स्थित जीशान के ऑफिस में फोन कर जीशान और सलमान को जान से मारने की धमकी दी गई थी। फिरौती भी मांगी गई थी। ऑफिस के एक कर्मचारी ने मुंबई पुलिस में शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस तुरंत एक्शन में आई। धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान तैय्यब के रूप में हुई। उसे नोएडा से गिरफ्तार किया गया।