योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में आंगनवाड़ी सेवाओं को डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। स्मार्टफोन और उपकरण वितरण से कार्यकत्रियों का काम आसान होगा, पारदर्शिता बढ़ेगी और महिलाओं के सशक्तिकरण को नई मजबूती मिलेगी।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के नेतृत्व में आंगनवाड़ी सेवाओं को अब डिजिटल रूप से और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। इस दिशा में लोकभवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान स्मार्टफोन और नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाली लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। सभी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए इस पहल को अपने लिए गर्व का विषय बताया।

महिलाओं का तकनीकी सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की ओर कदम

लाभार्थियों ने कहा कि यह पहल सिर्फ तकनीकी सुधार नहीं है, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को भी मजबूती देने वाला कदम है। नवनियुक्त कार्यकत्रियों ने मुख्यमंत्री की इस योजना की सराहना करते हुए खुशी जाहिर की और इसे अपने कार्य को आसान बनाने वाला बताया।

स्मार्टफोन से काम होगा आसान, डेटा प्रबंधन में मिलेगी मदद

कार्यक्रम में शामिल नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्री अंजली ने बताया कि स्मार्टफोन मिलने से उनका काम अब और व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा। उन्होंने कहा कि अब डेटा को सुरक्षित रखना और उसका प्रबंधन करना पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा।

पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से बढ़ा भरोसा

नवनियुक्त आशा कार्यकत्री सुभाषिनी ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री के हाथों से नियुक्ति पत्र मिला, जो उनके लिए गर्व का क्षण था। उन्होंने बताया कि सभी नियुक्तियां पूरी तरह मेरिट के आधार पर और पारदर्शी तरीके से की गई हैं, जिससे व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत हुआ है।

ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस से बच्चों की बेहतर देखभाल

आशा कार्यकत्री रितिका सिंह ने बताया कि उन्हें ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस मिला है, जिससे अब आंगनवाड़ी में बच्चों का वजन और स्वास्थ्य बेहतर तरीके से जांचा जा सकेगा। इससे बच्चों के पोषण और विकास पर अधिक ध्यान दिया जा सकेगा।

सुपरवाइजर के कार्य में भी आएगी तेजी

सुपरवाइजर अरुणा बाजपेयी ने बताया कि स्मार्टफोन मिलने से अब वे अपने विभागीय कार्य को और बेहतर तरीके से कर सकेंगी। इससे निगरानी और रिपोर्टिंग में भी तेजी आएगी।

डिजिटल आंगनवाड़ी से बेहतर भविष्य की नींव

लाभार्थियों का मानना है कि डिजिटल आंगनवाड़ी की यह पहल न केवल कार्यकत्रियों को सशक्त बनाएगी, बल्कि आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव भी रखेगी। यह कार्यक्रम सिर्फ उपकरण वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह पारदर्शी शासन, तकनीकी विकास और सशक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश बनकर सामने आया है।

उत्तर प्रदेश को आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल

मुख्यमंत्री की इस पहल से आंगनवाड़ी सेवाएं अब पहले से अधिक प्रभावी और व्यवस्थित होंगी। योगी सरकार का यह कदम उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर और आधुनिक बनाने की दिशा में एक मजबूत प्रयास माना जा रहा है।