विकास नगर बस्ती में हुए अग्निकांड में दो बच्चों की मौत के बाद सरकार ने उनके परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता दी। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राहत कार्य तेज किया गया और पीड़ितों के लिए भोजन, रहने व चिकित्सा की व्यवस्था की गई।

लखनऊ। विकास नगर बस्ती में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले दो मासूम बच्चों के परिजनों को शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर विधायक ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें सहायता राशि के चेक सौंपे। इसके साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़ी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सीएम योगी का सख्त निर्देश, तेज हुआ राहत कार्य

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का तुरंत संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रशासन ने पीड़ितों के लिए नजदीकी कम्युनिटी सेंटर में रहने और खाने की उचित व्यवस्था की। घटनास्थल पर नगर निगम और रेरा की टीम द्वारा लगातार खाने के पैकेट बांटे जा रहे हैं। साथ ही मेडिकल सुविधाओं समेत सभी जरूरी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। सीएम के आदेश के बाद राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

दमकल और प्रशासन की तत्परता से टली बड़ी त्रासदी

यह घटना बुधवार शाम विकास नगर सेक्टर-12 रिंग रोड के पास झुग्गी-झोपड़ियों में लगी आग से हुई। आग तेजी से फैलने लगी, लेकिन दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बड़ी जनहानि होने से बचाव हो गया। अधिकारियों ने तुरंत आसपास के 30 से ज्यादा घरों को खाली कराया, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी। आग बुझाने और राहत कार्य में दमकल विभाग, स्वास्थ्य कर्मी, पुलिस, नगर निगम कर्मचारी और नागरिक सुरक्षा दल के 400 से अधिक लोग जुटे रहे। सभी के संयुक्त प्रयास से स्थिति पर समय रहते काबू पा लिया गया।