Kashi Vishwanath Corridor : काशी विश्वनाथ धाम की चौथी वर्षगांठ पर शिव बारात निकाली गई। इसमें रोपवे व महिला क्रिकेट टीम की झांकी शामिल थी। 4 वर्षों में 26.32 करोड़ श्रद्धालुओं ने दर्शन किए और विशेष पूजन अनुष्ठान भी संपन्न हुआ।

वाराणसी : श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर विश्वनाथ धाम परिसर में 11 वैदिक शास्त्रों के विद्वानों द्वारा विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर न्यास का प्रतिनिधित्व करते हुए धाम के डिप्टी कलेक्टर शंभु शरण ने जयादि मंत्र एवं अप्रतिरथ मंत्र द्वारा विशेष हवन–पूजन संपन्न किया।

4 साल पूरे होने पर वैदिक मंत्रों से हुई पूजन

काशी विश्वनाथ धाम के शास्त्री चौक पर 4 वर्ष पूरे होने पर विशेष हवन–पूजन 11 वैदिक शास्त्रियों द्वारा विधिवत वैदिक रीति से किया गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार इन मंत्रों का प्रयोग देवताओं द्वारा असुरों पर विजय प्राप्त करने हेतु किया गया था। इसी भावना के साथ धाम की उन्नति, लोक कल्याण तथा राष्ट्र की मंगल कामना हेतु यह अनुष्ठान संपन्न हुआ।

4 साल में 26 करोड़ से ज्यादा भक्त पहुंचे काशी

मंदिर न्यास द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम श्री काशी विश्वनाथ धाम के नविनीकरण के चार सफल वर्षों की आध्यात्मिक उपलब्धियों और सनातन परंपरा के संरक्षण का प्रतीक रहा। धाम के डिप्टी कलेक्टर शंभु शरण ने बताया कि उद्घाटन के 4 साल पूरे हुए है। इन चार सालों में 26 करोड़ 32 लाख लोगों ने श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिषद में सुबह से ही सांस्कृतिक प्रकिया एवं पूजन पद्धति चल रही है। उन्होंने कहा कि जयादि मंत्र और सभी वेदों का पारायण होगा। शाम को सांस्कृतिक प्रोग्राम का आयोजन किया जाना है कल रविवार को सभी विग्रहों पर विशेष रुद्रा अभिषेक एवं शाम का सांस्कृतिक प्रोग्राम के बाद समापन होगा।