नेपाल जनता दल के अध्यक्ष हरि चरण शाह ने लखनऊ दौरे पर योगी सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार के सहयोग से बॉर्डर पर विकास, रोजगार और पर्यटन बढ़ा है, जिससे भारत-नेपाल संबंध और मजबूत हुए हैं। 

लखनऊ। भारत दौरे के दौरान लखनऊ पहुंचे नेपाली जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरि चरण शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नेपाल बॉर्डर पर बेहतर माहौल और सुचारू आवागमन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार का सहयोग काफी महत्वपूर्ण रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

भारत-नेपाल संबंधों में यूपी की अहम भूमिका

हरि चरण शाह ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच मजबूत रिश्तों के लिए उत्तर प्रदेश की भूमिका बेहद अहम है। दोनों देशों के सीमावर्ती इलाकों में वर्षों से रोटी-बेटी का रिश्ता कायम है, जो सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाता है।

सीमावर्ती जिलों में रोजगार और विकास को बढ़ावा

उन्होंने बताया कि गोरखपुर समेत यूपी के कई जिलों में नेपाली मूल के लोगों को रोजगार मिल रहा है। वहीं, नेपाल बॉर्डर से जुड़े क्षेत्रों में यूपी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों से दोनों देशों को लाभ मिल रहा है।

बॉर्डर एरिया में विकास से बढ़ा पर्यटन

शाह ने कहा कि यूपी सरकार ने सीमा से जुड़े इलाकों में बुनियादी सुविधाओं और विकास पर खास ध्यान दिया है। इससे न सिर्फ स्थानीय लोगों को फायदा हुआ है, बल्कि पर्यटन गतिविधियों में भी तेजी आई है, जिससे आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।

नेपाल के लिए सकारात्मक रहा यूपी सरकार का रवैया

उन्होंने कहा कि नेपाल का बड़ा हिस्सा उत्तर प्रदेश से सटा हुआ है, ऐसे में यूपी सरकार का सकारात्मक दृष्टिकोण नेपाल के लिए काफी फायदेमंद रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच यह सौहार्दपूर्ण संबंध आगे भी बने रहेंगे।

धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों से जुड़ा है यूपी-नेपाल

भारत और नेपाल के रिश्ते केवल भौगोलिक ही नहीं, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से भी गहरे जुड़े हैं। माता सीता का मायका जनकपुर (नेपाल) में और ससुराल अयोध्या (उत्तर प्रदेश) में है, जो दोनों देशों के बीच मजबूत सांस्कृतिक संबंध का प्रतीक है।