UP में SIR प्रक्रिया के तहत 1.62 लाख बूथों पर गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रह और डिजिटाइजेशन जारी है। 5.25 करोड़ से अधिक प्रपत्र अब तक डिजिटाइज हो चुके हैं। उत्कृष्ट कार्य करने वाले BLO को सम्मानित किया जा रहा है।

लखनऊ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश में 15.44 करोड़ से अधिक मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रह और डिजिटाइजेशन का बड़ा अभियान चल रहा है। यह कार्य 1.62 लाख से अधिक मतदान केंद्रों पर किया जा रहा है।

5.25 करोड़ से अधिक गणना प्रपत्र डिजिटाइज, 1.62 लाख बीएलओ जुटे कार्य में

उन्होंने बताया कि 25 नवंबर तक 5.25 करोड़ से अधिक गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन बीएलओ द्वारा पूरा किया जा चुका है। इसके लिए प्रदेश में 1,62,486 बीएलओ सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। मतदाताओं को 4 दिसंबर 2025 तक अपने गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को जमा कराने हैं।

मतदाताओं से अपील- SIR प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लेने और अपने बीएलओ का सहयोग करने की अपील की।

कई मतदान स्थलों पर कार्य 100% पूरा, श्रेष्ठ बीएलओ को मिल रहा सम्मान

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध बनाने के लिए चल रहे SIR अभियान में मतदाताओं के उत्साह, बीएलए के सहयोग और बीएलओ की निष्ठा के कारण कई मतदान केंद्रों पर गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रह और डिजिटाइजेशन 100% पूरा हो चुका है। ऐसे उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा सम्मानित भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य बीएलओ भी इनसे प्रेरणा लेकर कार्य में तेजी लाएं।

जिला अधिकारियों को निर्देश- BLO का मनोबल बढ़ाएं, कार्य की गति बढ़े

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि गणना प्रपत्रों के संग्रह और डिजिटाइजेशन में लगे बीएलओ और अन्य कार्मिकों को प्रोत्साहित करें। उन्होंने यह भी कहा कि मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने के लिए जागरूक करें और उन्हें हर संभव सहयोग दें।