UP Sports Awards: राष्ट्रीय खेल दिवस पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने मेजर ध्यानचंद को नमन करते हुए 88 पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान किया, सहायक खेल प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे और यूपी में खेल अवसंरचना व स्पोर्ट्स कॉलेजों के विस्तार की घोषणा की।

National Sports Day: राष्ट्रीय खेल दिवस पर राजधानी लखनऊ खेल भावना और उत्साह से गूंज उठा।मोहम्मद शाहिद हॉकी स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें नमन किया और खिलाड़ियों को राष्ट्र निर्माण का असली हीरो बताया।

खेल जीवन में लाता है अनुशासन और समर्पण

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर खिलाड़ी सिर्फ मैदान का ही नहीं बल्कि समाज का भी हीरो होता है। खेल जीवन का अनुशासन, समन्वय और टीमवर्क हमें राष्ट्र के प्रति समर्पण की सीख देता है। उन्होंने आह्वान किया कि हर नागरिक को एक खिलाड़ी की तरह राष्ट्र निर्माण की भावना से आगे बढ़ना चाहिए।

88 पदक विजेताओं का सम्मान और प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम में सीएम योगी ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले 88 खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि प्रदान की। साथ ही सहायक खेल प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए। खेल मंत्री ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया।

यह भी पढ़ें: योगी सरकार का कमाल! यूपी बना देश का नया इंडस्ट्रियल हब, GVA में रिकॉर्ड वृद्धि

मेजर ध्यानचंद की विरासत और स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी

सीएम ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक में स्वर्ण पदक दिलाकर भारत की हॉकी को वैश्विक पहचान दिलाई। उनकी स्मृति में मेरठ में प्रदेश की पहली मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना की गई है, जहां इस सत्र से पाठ्यक्रम शुरू हो गया है।

ग्राम पंचायत से जनपद तक खेल अवसंरचना का विस्तार

योगी ने बताया कि-

  • हर कमिश्नरी में स्पोर्ट्स कॉलेज बन रहा है।
  • प्रत्येक कॉलेज में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित होगा।
  • हर ग्राम पंचायत में खेल का मैदान, हर विकासखंड में मिनी स्टेडियम और हर जनपद में स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया चल रही है।
  • युवाओं के लिए ओपन जिम और स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराई जा रही हैं।

यूपी की हॉकी परंपरा को किया याद

सीएम ने प्रदेश के दिग्गज हॉकी खिलाड़ियों का जिक्र किया, मेजर ध्यानचंद, के.डी. सिंह बाबू, मोहम्मद शाहिद से लेकर ललित उपाध्याय और राजकुमार पाल तक। उन्होंने कहा कि पेरिस ओलंपिक में मेडल दिलाने वाले खिलाड़ी भी उत्तर प्रदेश की ही देन हैं।

खिलाड़ियों के लिए रोजगार और प्रोत्साहन

सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरियों में 2% आरक्षण खिलाड़ियों के लिए लागू किया है। अब तक 500 खिलाड़ी पुलिस और अन्य विभागों में भर्ती हो चुके हैं।

पुरस्कार राशि का ब्योरा

  • ओलंपिक: एकल स्वर्ण ₹6 करोड़, रजत ₹4 करोड़, कांस्य ₹2 करोड़
  • एशियन गेम्स: स्वर्ण ₹3 करोड़, रजत ₹1.5 करोड़, कांस्य ₹75 लाख
  • कॉमनवेल्थ: स्वर्ण ₹1.5 करोड़, रजत ₹75 लाख, कांस्य ₹50 लाख
  • नेशनल गेम्स: एकल स्वर्ण ₹6 लाख, रजत ₹3 लाख, कांस्य ₹2 लाख

सीएम योगी ने उठाई हॉकी स्टिक और ली फिटनेस की शपथ

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हॉकी स्टिक से शॉट लगाकर स्टेट हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों और नागरिकों को फिटनेस की शपथ दिलाई, “मैं सार्वजनिक रूप से फिट रहूंगा, हर दिन खेल और फिटनेस गतिविधियों में भाग लूंगा और खेल के सम्मान व मूल्यों को आत्मसात करूंगा।”

यह भी पढ़ें: यूपी के 8 जिलों में अब दिवाली पर पटाखे पूरी तरह बैन, जानिए कहां-कहां लागू है नियम