मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंधी-बारिश और खराब मौसम को लेकर प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने 24 घंटे में मुआवजा, राहत कार्य तेज करने और प्रभावित लोगों को तुरंत सहायता देने पर जोर दिया।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह लखनऊ सहित प्रदेश के कई जिलों में आई आंधी-बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पूरी सरकारी मशीनरी सक्रिय रखी जाए।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मुख्यमंत्री ने प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे हर हाल में यह सुनिश्चित करें कि खराब मौसम का असर कम से कम हो। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की जनहानि, पशुहानि, घायलों या आपदा प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिलाना सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल स्वीकार नहीं होगी।

किसानों और आम जनता के लिए सरकार का साथ, राहत कार्य तेज करने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरकार हर कठिन परिस्थिति में किसानों और प्रदेश के सभी नागरिकों के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि खराब मौसम के कारण कई जिलों में सड़क दुर्घटनाएं भी हुई हैं। ऐसे स्थानों पर राहत और बचाव कार्यों को तेजी से चलाया जाए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में पहुंचाकर उनका इलाज सुनिश्चित किया जाए।

आंधी और बारिश के कारण किसानों और आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि हर संभव प्रयास किया जाए ताकि इस खराब मौसम का असर न्यूनतम हो और लोगों को राहत मिल सके।

जिलाधिकारियों को फील्ड में रहने और हालात पर नजर रखने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लगातार फील्ड में रहकर स्थिति का जायजा लें। इसके साथ ही फील्ड अधिकारियों को भी प्रभावित क्षेत्रों में जाकर लोगों से सीधे संपर्क करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि अधिकारी आपसी समन्वय के साथ राहत कार्यों को प्रभावी तरीके से चलाएं। किसी भी तरह की आपात स्थिति या जरूरत की जानकारी समय पर एकत्र कर शासन तक पहुंचाई जाए, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द सहायता मिल सके।