उत्तर प्रदेश के 5 स्पोर्ट्स कॉलेजों में सत्र 2026-27 के लिए एडमिशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। लखनऊ, गोरखपुर, सैफई, फतेहपुर और सहारनपुर में कुल 518 सीटों पर प्रवेश होगा। आवेदन ऑनलाइन होंगे और पीईएन नंबर अनिवार्य रहेगा।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं देने के लिए लगातार नए कदम उठा रही है। इसी कड़ी में सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस बार लखनऊ, गोरखपुर, सैफई, फतेहपुर और सहारनपुर स्थित स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा 6, 9 और 11 की कुल 518 संभावित रिक्त सीटों पर दाखिले होंगे।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू, 200 रुपये रखा गया आवेदन शुल्क
प्रदेश सरकार ने हाल ही में सहारनपुर और फतेहपुर में दो नए स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू किए हैं। इन दोनों कॉलेजों में भी सत्र 2026-27 से एडमिशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब प्रदेश में कुल पांच स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश लिए जा रहे हैं।
पूरी आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है। इसके लिए खेल साथी पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है। इच्छुक अभ्यर्थी स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ की वेबसाइट SPORTSCOLLEGELKO.IN और खेल साथी पोर्टल khelsathi.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क 200 रुपये तय किया गया है।
स्पोर्ट्स कॉलेज एडमिशन के लिए पीईएन नंबर अनिवार्य
योगी सरकार ने इस बार आवेदन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए यूडाइस पोर्टल से जारी पर्मानेंट एजुकेशन नंबर (PEN) को अनिवार्य कर दिया है। बिना पीईएन नंबर के कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। छात्रों के शैक्षणिक रिकॉर्ड का सत्यापन यूडाइस प्लस पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।
लखनऊ, गोरखपुर और सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज में मिलेंगी कई खेल सुविधाएं
प्रदेश के सभी स्पोर्ट्स कॉलेजों में अलग-अलग खेलों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। लखनऊ के गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और वॉलीबॉल की ट्रेनिंग दी जाएगी।
गोरखपुर के बीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में वॉलीबॉल, कुश्ती, जिम्नास्टिक, बैडमिंटन, हॉकी और जूडो की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इटावा (सैफई) स्थित मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज में एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कबड्डी और तैराकी का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
फतेहपुर और सहारनपुर स्पोर्ट्स कॉलेज में इन खेलों में होंगे दाखिले
फतेहपुर स्पोर्ट्स कॉलेज में केवल कक्षा 9 के छात्रों को एथलेटिक्स, हॉकी, हैंडबॉल और कुश्ती में प्रवेश दिया जाएगा। वहीं सहारनपुर स्पोर्ट्स कॉलेज में कक्षा 9 के लिए एथलेटिक्स, हॉकी, बॉक्सिंग, जूडो और भारोत्तोलन में दाखिले किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को उनकी पसंद के खेल में बेहतर प्रशिक्षण देना है।
कक्षा 6, 9 और 11 के लिए तय की गई पात्रता
प्रवेश के लिए सरकार ने कुछ जरूरी पात्रताएं भी निर्धारित की हैं। कक्षा 6 में प्रवेश के लिए छात्र का सत्र 2025-26 में कक्षा 5 पास होना जरूरी है। इसी तरह कक्षा 9 के लिए कक्षा 8 और कक्षा 11 के लिए कक्षा 10 उत्तीर्ण होना अनिवार्य किया गया है। जिन छात्रों ने एक साल का गैप लिया है, उन्हें शपथ पत्र देकर इसकी जानकारी देनी होगी।
आवेदन से पहले तैयार रखें ये जरूरी दस्तावेज
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को आसान और सुरक्षित बनाया गया है। आवेदन करने से पहले छात्रों को अपनी नवीन फोटो, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, अंकपत्र, हस्ताक्षर, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पीईएन नंबर तैयार रखना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद मोबाइल और ईमेल पर ओटीपी भेजा जाएगा। सत्यापन पूरा होने के बाद लॉगिन आईडी और पासवर्ड जारी किए जाएंगे, जिनकी मदद से आवेदन फॉर्म भरा जा सकेगा।
100 अंकों की होगी प्रारंभिक चयन परीक्षा
योगी सरकार ने चयन प्रक्रिया को पूरी तरह मेरिट और प्रदर्शन आधारित रखा है। प्रारंभिक चयन परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। इसमें 50 अंक फिजिकल टेस्ट और 50 अंक स्किल एवं गेम टेस्ट के होंगे। दोनों परीक्षाओं में कम से कम 40 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा। खेल विशेषज्ञ मैदान पर खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीक और प्रदर्शन का परीक्षण करेंगे। इसके बाद मेरिट सूची जारी की जाएगी।
मुख्य चयन परीक्षा और मेडिकल जांच के बाद मिलेगा प्रवेश
प्रारंभिक परीक्षा में सफल छात्र मुख्य चयन परीक्षा में शामिल होंगे। यह परीक्षा भी 100 अंकों की होगी, जिसमें फिजिकल और स्किल टेस्ट शामिल रहेंगे। सरकार ने कुछ खेलों के लिए विशेष मानक भी तय किए हैं। वॉलीबॉल में प्रवेश के लिए न्यूनतम लंबाई निर्धारित की गई है। कक्षा 9 में लड़कों की लंबाई कम से कम 175 सेंटीमीटर और लड़कियों की 160 सेंटीमीटर होनी चाहिए। वहीं कक्षा 11 में लड़कों के लिए 180 सेंटीमीटर और लड़कियों के लिए 165 सेंटीमीटर लंबाई तय की गई है। अधिक लंबाई वाले खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कुश्ती, बॉक्सिंग और जूडो के लिए अलग भार वर्ग तय
कुश्ती, बॉक्सिंग और जूडो जैसे खेलों के लिए अलग-अलग भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं। एथलेटिक्स में रनिंग, जम्प और थ्रो की विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए आवेदन किए जा सकेंगे। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सफल छात्रों की जैविक आयु जांच कराई जाएगी। इसके लिए लखनऊ, गोरखपुर और इटावा में मेडिकल जांच केंद्र बनाए गए हैं। जैविक आयु जांच में सफल अभ्यर्थियों की काउंसलिंग के बाद अंतिम प्रवेश दिया जाएगा।
पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी पूरी चयन प्रक्रिया
लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य अतुल सिन्हा ने कहा कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी बनाई गई है। छात्रों का चयन केवल उनकी खेल प्रतिभा, फिटनेस और प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।


