Best Carpool Apps: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और पेट्रोल की कीमतों में उछाल को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से मेट्रो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और कारपूलिंग का इस्तेमाल करने की अपील की है। पीएम ने कहा, ऑफिस जाने या डेली सफर के लिए अकेले कार निकालने के बजाय कारपूलिंग जैसे स्मार्ट ऑप्शन अपनाएं। जानिए कौन-कौन से कारपूलिंग ऐप्स आपकी हेल्प कर सकते हैं..
Office Ride Sharing Apps: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया है। पीएम मोदी ने देशवासियों से पब्लिक ट्रांसपोर्ट, कारपूलिंग और मेट्रो का यूज बढ़ाने की अपील की है। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री ने खुद से की है। पीएम ने अपने सुरक्षा काफिले की गाड़ियों को आधा कर दिया है और बेड़े में इलेक्ट्रिक गाड़ियों को शामिल करने का निर्देश दिया है। गृहमंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे बड़े नेताओं ने भी अपने काफिले में कटौती कर जनता को एक बड़ा संदेश दिया है कि अब समय आ गया है जब हमें ईंधन बचाने के लिए स्मार्ट तरीके अपनाने होंगे। अगर आप भी हर दिन अपनी कार से ऑफिस जाते हैं या लंबी दूरी तय करते हैं, तो कारपूलिंग की हेल्प ले सकते हैं। आइए जानते हैं कौन-कौन से कारपूलिंग ऐप आप यूज कर सकते हैं...

कारपूलिंग क्या होती है?
कारपूलिंग का मतलब एक ही रास्ते पर जाने वाले लोग अलग-अलग गाड़ियाँ निकालने के बजाय एक ही कार में सफर शेयर करें। दिल्ली-NCR, बेंगलुरु और मुंबई जैसे शहरों में लोग रोजाना ऑफिस जाने के लिए घंटों जाम में फंसते हैं। वहां कारपूलिंग से न सिर्फ ट्रैफिक कम हो रहा है, बल्कि जेब पर पड़ने वाला बोझ भी आधा हो गया है। आज के समय में जब पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं, तब एक शेयर की गई राइड आपके महीने के बजट को 60 से 80 फीसदी तक कम कर सकती है।

कारपूलिंग ऐप्स कौन-कौन से हैं?
Quick Ride: ऑफिस जाने वालों की पहली पसंद
अगर आप बेंगलुरु, हैदराबाद या पुणे जैसे शहरों में रहते हैं, तो आपने Quick Ride का नाम जरूर सुना होगा। यह ऐप खासकर उन लोगों के लिए बनाया गया है जो रोज आईटी पार्क या कॉर्पोरेट ऑफिस जाते हैं। इसकी खासियत यह है कि यहां सिर्फ वैरिफाइड कॉर्पोरेट कर्मचारी ही जुड़ सकते हैं, जिससे सुरक्षा की कोई टेंशन नहीं रहती। विप्रो जैसी बड़ी कंपनियों के हजारों कर्मचारी इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। यहाँ सफर का खर्च लगभग ₹4 प्रति किलोमीटर से शुरू होता है, जो किसी भी कैब के मुकाबले बहुत सस्ता है।
Togopool: एआई के जरिए स्मार्ट सफर
दिल्ली-NCR जैसे इलाकों में Togopool तेजी से अपनी जगह बना रहा है। यह ऐप आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस यानी एआई (AI) का इस्तेमाल करता है, जिससे यह आपको वही राइडर दिखाता है जिसका रूट और समय आपसे बिल्कुल मैच करता हो। इसमें कार के साथ-साथ बाइक-पूलिंग का भी विकल्प मिलता है, जो सिर्फ ₹4 प्रति किलोमीटर के खर्च पर आपको आपकी मंजिल तक पहुंचा देता है। अगर आप भारी जाम वाले रास्तों पर चलते हैं, तो यह ऐप आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
BlaBlaCar: जब शहर से बाहर जाना हो
अगर आप वीकेंड पर दिल्ली से जयपुर या मुंबई से पुणे जाने का प्लान बना रहे हैं, तो BlaBlaCar से बेहतर कुछ नहीं है। यह इंटरसिटी कारपूलिंग के लिए बेस्ट माना जाता है। इसमें आप अपनी कार की खाली सीट शेयर कर सकते हैं या किसी और की कार में सीट बुक कर सकते हैं। इसका खर्च बस या ट्रेन के एसी कोच से भी कम पड़ता है और आप एक प्राइवेट कार के कंफर्ट में सफर पूरा करते हैं। बस बुकिंग करते समय ड्राइवर की रेटिंग और रिव्यूज चेक करना न भूलें।
POOLit और inDrive: भरोसा और अपनी पसंद का दाम
POOLit उन लोगों के लिए बेस्ट है जो सिर्फ अपनी पहचान वाले या वैरिफाइड प्रोफेशनल नेटवर्क में ही सफर करना चाहते हैं। इसमें महिलाएं अपनी पसंद के हिसाब से जेंडर फिल्टर भी लगा सकती हैं, जो इसे काफी सुरक्षित बनाता है। वहीं दूसरी तरफ inDrive थोड़ा अलग है, जहाँ आप अपनी राइड के लिए ड्राइवर से मोल-भाव (Negotiate) कर सकते हैं। छोटे शहरों में यह मॉडल काफी पॉपुलर हो रहा है क्योंकि यहाँ फिक्स रेट के बजाय आप अपनी मर्जी का दाम तय कर पाते हैं।
कारपूलिंग के समय क्या सावधानी रखें?
कारपूलिंग के जितने फायदे हैं, उतनी ही सावधानी बरतनी भी जरूरी है। हमेशा याद रखें कि जिस ऐप का आप इस्तेमाल कर रहे हैं, वहां प्रोफाइल वैरिफाइड हो। अपनी राइड की डिटेल्स हमेशा अपनी फैमिली या किसी फ्रेंड के साथ शेयर करें। सफर के दौरान ऐप का लाइव ट्रैकिंग फीचर और SOS बटन का ध्यान रखें। अगर आप रात में सफर कर रहे हैं, तो थोड़ा ज्यादा चौकन्ना रहें और सिर्फ अच्छी रेटिंग वाले राइडर्स के साथ ही सफर करें।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सामान्य जानकारी और पब्लिक रिपोर्ट्स के आधार पर तैयार किया गया है। कारपूलिंग ऐप्स का इस्तेमाल करते समय अपनी सेफ्टी और पर्सनल जानकारी का विशेष ध्यान रखें। किसी भी राइड को बुक करने से पहले ड्राइवर या राइडर की प्रोफाइल, रेटिंग और वैरिफिकेशन जरूर जांच लें। किराया, फीचर्स और उपलब्धता समय और शहर के अनुसार बदल सकते हैं।


