Amazon Prime Lite Free: जियो अपनी 10वीं सालगिरह पर ग्राहकों को बड़ा तोहफा दे रहा है। चुनिंदा जियो होम यूजर्स को कंपनी एक साल के लिए अमेजन प्राइम लाइट एकदम फ्री दे रही है। यह फायदा 30 Mbps और 100 Mbps वाले प्लान पर मिलेगा। इसके साथ ही एलिजिबल यूजर्स को कैनवा प्रो का सब्सक्रिप्शन भी फ्री मिल रहा है।
Jio 10th Anniversary Offer: जियो अपनी 10वीं सालगिरह के मौके पर चुनिंदा जियो होम यूजर्स को एक साल के लिए अमेजन प्राइम लाइट का सब्सक्रिप्शन फ्री दे रहा है। इसके लिए ग्राहकों से कोई एक्स्ट्रा पैसा नहीं लिया जाएगा। यह ऑफर उन जियो होम प्लान्स पर मिलेगा जिनमें टीवी, ओटीटी सब्सक्रिप्शन और वाई-फाई शामिल हैं। अमेजन प्राइम लाइट के जरिए यूजर्स प्राइम वीडियो का मजा ले सकते हैं। साथ ही अमेजन से शॉपिंग करने पर उन्हें फ्री और फास्ट डिलीवरी का फायदा भी मिलेगा।
30 Mbps और 100 Mbps प्लान पर ऑफर
30 Mbps और 100 Mbps इंटरनेट स्पीड वाले जियो होम प्लान्स पर यह नया ऑफर मिल रहा है। इन प्लान्स को इस्तेमाल करने वाले नए और पुराने दोनों ग्राहकों को 12 महीने का अमेजन प्राइम लाइट सब्सक्रिप्शन एकदम फ्री मिलेगा। इस ऑफर पीरियड के दौरान सब्सक्रिप्शन के लिए कोई अलग से चार्ज नहीं देना होगा। वहीं, जियो होम प्लान के साथ मिलने वाले बाकी फायदे पहले की तरह ही मिलते रहेंगे।
MyJio ऐप से ऐसे करें एक्टिवेट
एलिजिबल यूजर्स को अपना फ्री अमेजन प्राइम लाइट सब्सक्रिप्शन MyJio ऐप के जरिए एक्टिवेट करना होगा। जियो होम अकाउंट के होमपेज पर आपको इस ऑफर का एक बैनर दिखेगा। इस पर क्लिक करके आप अपना ऑफर एक्टिवेट कर सकते हैं। यह ऑफर 19 सितंबर से मिलना शुरू हो जाएगा। अगले दो हफ्तों में धीरे-धीरे सभी एलिजिबल यूजर्स तक यह ऑफर पहुंच जाएगा। आप जिस दिन इस ऑफर को एक्टिवेट करेंगे, उसी दिन से आपका 12 महीने का फ्री सब्सक्रिप्शन शुरू हो जाएगा।
888 रुपये और 1,199 रुपये वाले प्लान में कोई बदलाव नहीं
888 रुपये और 1,199 रुपये वाले जियो होम प्लान इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों पर यह नया 12 महीने वाला ऑफर लागू नहीं होगा। 150 Mbps या उससे ज्यादा स्पीड वाले प्लान इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को भी उनके पुराने फायदे ही मिलते रहेंगे। इन ग्राहकों को पहले की तरह ही 24 महीने का अमेजन प्राइम लाइट सब्सक्रिप्शन मिलता रहेगा। इसलिए, उनके मौजूदा लॉन्ग-टर्म सब्सक्रिप्शन को इस नए 12 महीने वाले ऑफर में नहीं बदला जाएगा।
जियो यूजर्स को कैनवा प्रो भी फ्री
हाल ही में जियो ने मशहूर डिजाइन प्लेटफॉर्म कैनवा (Canva) के साथ भी पार्टनरशिप की है। इस ऑफर के तहत एलिजिबल यूजर्स को 12 महीने तक कैनवा प्रो या कैनवा प्रो लाइट का सब्सक्रिप्शन फ्री मिल रहा है। 399 रुपये वाले जियो रिचार्ज प्लान पर कैनवा प्रो मिलेगा। वहीं, 349 रुपये वाले प्लान और 349 रुपये से ऊपर के 2GB डेली डेटा वाले प्लान्स पर कैनवा प्रो लाइट का फायदा मिलेगा। जियो के मुताबिक, इस ऑफर की कीमत करीब 4000 रुपये तक है। यूजर्स MyJio ऐप में जाकर कैनवा ऑफर चेक कर सकते हैं और उसे एक्टिवेट कर सकते हैं। इसके लिए कोई हिडन चार्ज या एक्स्ट्रा पैसा नहीं देना होगा।
कैनवा प्रो में क्या-क्या मिलेगा
कैनवा प्रो में यूजर्स को कई प्रीमियम डिजाइन टूल्स मिलते हैं। इसमें लाखों टेम्प्लेट, फोटो, वीडियो और फॉन्ट के साथ-साथ बैकग्राउंड रिमूवर और मैजिक इरेजर जैसे कमाल के एडिटिंग टूल शामिल हैं। कैनवा प्रो में AI फीचर्स भी दिए गए हैं, जिनकी मदद से आप चैट के जरिए कमांड देकर डिजाइन तैयार कर सकते हैं। वहीं, कैनवा प्रो लाइट में भी पेड टेम्प्लेट, फोटो, वीडियो और फॉन्ट जैसी कई प्रीमियम सुविधाएं मिलती हैं। इसमें भी बैकग्राउंड हटाने और मैजिक इरेजर जैसे एडिटिंग टूल्स मौजूद हैं।
