दुनियाभर में सबसे पॉपुलर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक (Facebook) के 533 मिलियन से ज्यादा यूजर्स के प्राइवेट डेटा लीक होने की खबर आई है। इसमें भारत के 60 लाख यूजर्स भी शामिल हैं।

टेक डेस्क। दुनियाभर में सबसे पॉपुलर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक (Facebook) के 533 मिलियन से ज्यादा यूजर्स के प्राइवेट डेटा लीक होने की खबर आई है। इसमें भारत के 60 लाख यूजर्स भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि 100 से ज्यादा देशों के यूजर्स का प्राइवेट डेटा ऑनलाइन लीक हुआ है। इसे अब तक सबसे बड़ा डेटा लीक माना जा रहा है। फेसबुक यूजर्स के फोन नंबर, फेसबुक आईडी और बायो, नाम, जन्मतिथि और कुछ मामलों में ईमेल के लीक होने की बात भी कही जा रही है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मुफ्त में उपलब्ध है डेटा
साइबर क्राइम (Cyber Crime) इंटेलिजेंस कंपनी हडसन रॉक (Hudson Rock) की सीटीओ एलन गाल (Alon Gal) का कहना है कि उन्होंने शनिवार को यह सारा डेटा लीक पाया और ट्विटर पर इसकी जानकारी दी। बता दें कि एलन गाल ने ही जनवरी में टेलिग्राम बोट के जरिए डेटाबेस लीक होने की जानकारी दी थी। उस समय लीक डेटा लोगों को बेचा जा रहा था। इस समय फेसबुक का जो डेटा हैक किया गया है, वह हैकिंग फोरम में मुफ्त में उपलब्ध है। बताया जा रहा है कि कि इतने बड़े पैमाने पर लीक किए गए डेटा में फेसबुक यूजर्स के फोन नंबर मौजूद हैं। 

फेसबुक ने बताया इसे पुराना डेटा
फेसबुक का कहना है कि डेटाबेस की एक खामी के बाद लीक होने की खबर आई है। फेसबुक ने कहा कि इसे 2019 में ठीक किया गया था, लेकिन लोग अक्सर अपने फोन नंबर को बदलते रहते हैं। इसलिए डेटा किस हद तक सही है, यह कहा नहीं जा सकता। पहले भी यह डेटा एक व्यक्ति ने बिक्री के लिए रखा था। एक फोन नंबर या फेसबुक यूजर आईडी 20 डॉलर या 5 हजार डॉलर में टेलिग्राम बोट के जरिए बेचा जा रहा था। वहीं, अब यह किसी दूसरे हैकर्स के पास उपलब्ध है। फेसबुक के प्रवक्ता ने कहा कि यह पुराना डेटा है, जिसके 2019 में लीक होने की खबर थी। अगस्त 2019 में इस मामले को सही पाया था और सिक्युरिटी की व्यवस्था की गई थी।