एक छोटे प्लेन ने हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग की। इस दौरान उसने आगे चल रही एक कार को टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोगों को मामूली चोटें आईं। यह भयानक घटना डैशकैम में कैद हो गई और मामले की जांच चल रही है।
फ्लोरिडा: एक छोटे प्लेन ने हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग करते हुए एक कार को टक्कर मार दी। यह घटना अमेरिका के फ्लोरिडा के एक मुख्य हाईवे पर हुई। सोमवार को फ्लोरिडा के एक प्रमुख हाईवे पर एक प्लेन ने इमरजेंसी लैंडिंग की और फिर आगे जा रही एक कार से टकरा गया। यह हादसा इंटरस्टेट 95 पर हुआ, जो पूर्वी तट पर उत्तर-दक्षिण का एक प्रमुख हाईवे है। इस हाईवे पर हर दिन हजारों गाड़ियां चलती हैं।
हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग करने वाले इस प्लेन में ऑरलैंडो का 27 साल का पायलट और एक 27 साल का यात्री था। बीचक्राफ्ट 55 नाम का यह प्लेन शाम करीब 5:45 बजे अचानक भीड़भाड़ वाले साउथबाउंड लेन पर उतरा और आगे जा रही एक कार से टकरा गया। इस घटना में तीन लोगों को मामूली चोटें आईं। जिस कार से प्लेन टकराया, वह 2023 टोयोटा कैमरी थी, जिसे एक महिला चला रही थी। उन्हें तुरंत कार से निकालकर इलाज के लिए विएरा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह पूरा नजारा उस कार के ठीक पीछे चल रही एक और कार के डैशकैम में कैद हो गया, जिसे जेम्स कॉफी और उनके बेटे पीटर्स चला रहे थे। वीडियो में देखा जा सकता है कि प्लेन कार से टकराकर आगे बढ़ गया और उससे चिंगारियां निकलने लगीं। प्लेन के नीचे फंसी कार वहीं रुक गई, जबकि प्लेन सड़क के एक किनारे जाकर गिर गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
जेम्स ने फॉक्स न्यूज को बताया, 'उस पल मैं बहुत डर गया था, मुझे लगा कि हम दोनों पहाड़ी के किनारे से नीचे गिर जाएंगे।' उन्होंने कहा, 'हम मर सकते थे, या कुछ और भी बुरा हो सकता था, लेकिन मैं शुक्रगुजार हूं कि ऐसा कुछ नहीं हुआ।' हादसे के बाद, दो स्थानीय पादरी, एनी और बर्नार्ड विगले ने कार में फंसी महिला की मदद की। एनी विगले ने महिला को गाड़ी से बाहर निकाला।
बाद में, प्लेन को हाईवे से हटाने के लिए जैक्स टोइंग को बुलाया गया। कंपनी ने कहा कि यह पहली बार है जब उन्होंने किसी हाईवे से प्लेन को हटाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, जेट से फ्यूल लीक नहीं हुआ, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, इमरजेंसी लैंडिंग का सही कारण अभी पता नहीं चला है, लेकिन टोइंग कंपनी का मानना है कि शायद प्लेन का फ्यूल खत्म हो गया था। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन इस घटना की जांच करेगा। फ्लोरिडा हाईवे पेट्रोल भी हाईवे पर हुए इस हादसे की जांच करेगा।
