यूपी के बस्ती में सड़क हादसे के बाद 5 लोगों की मौत हो गई। दिवाली पर हुए इस हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। जल निगम में तैनात एई परिवार के साथ त्योहार मनाने घर जा रहे थे। उसी समय यह हादसा हुआ। 

बस्ती: मुंडेरवा क्षेत्र के खुजौला के पास में हाईवे पर रविवार देर शाम हादसे में दंपत्ति समेत परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। मामले की सूचना ढोढ़ई गांव पहुंचते ही हड़कंप मच गया। गांव के तमाम लोग इसके बाद घटनास्थल की ओर रवाना हुए। दीपावली के त्यौहार मनाने की तैयारियों में जुटे लोगों के बीच अचानक ही मातम पसर गया। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

हाईवे पर कंटेनर में घुसी कार
गौरतलब है कि ढोढ़ई गांव के रहने वाले 38 वर्षीय विनोद कुमार लखनऊ जल निगम में एई के पद पर तैनात हैं। एई विनोद अपने मां-बाप के इकलौते बेटे हैं। वह लखनऊ में ही पत्नी और बेटे-बेटी के साथ रहते हैं। उनकी इकलौती बहन की शादी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कटाई गांव में हुई है। विनोद के पिता की मृत्यु 14 सितंबर 2022 को हुई थी और उसके बाद से उनकी मां सूरसती भी लखनऊ में ही रहती थीं। विनोद दीपावली का त्यौहार मनाने के लिए परिवार समेत लखनऊ से कार से आ रहे थे। उनके साथ पत्नी नीलम, बेटी श्रेया और बेटा यथार्थ और मां सुरसती भी थीं। देर शाम बस्ती जनपद के खझौला के पास हाईवे पर कार कंटेनर में घुस गई। 

आखिरी बार बहन से फोन पर की थी बात
हादसे के बाद विनोद कुमार, पत्नी नीलम, पुत्री श्रेया और मां सुरसती ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घायल पुत्र यथार्थ की मौत बस्ती अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। मामले को लेकर पूर्व प्रधान संतोष कुमार ने जानकारी दी कि एई विनोद कुमार के परिवार के 5 लोगों की मौत से गांव में कोहराम मचा है। दीपावली का पूरा त्योहार गम में बदल गया। गांव के सभी लोगों ने यह फैसला लिया है कि वह दीपावली का पर्व नहीं मनाएंगे। मृतक के भांजे ने बताया कि विनोद ने बस्ती पहुंचने से पहले बहन ऊषा से बात की। फोन पर बताया कि हम लोग घर पहुंचने वाले हैं। हालांकि जैसे ही उन्हें परिवार में 5 लोगों की मौत की खबर मिली तो उनका रो-रोकर बुरा हाल है।