कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद सावित्रीबाई फुले ने कांग्रेस से अलविदा कह दिया है। पार्टी के लिए ये बड़ा झटका माना जा रहा है। फुले ने प्रियंका गांधी के यूपी दौरे ठीक पहले कांग्रेस से इस्तीफा दिया।

लखनऊ (Uttar Pradesh). कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद सावित्रीबाई फुले ने कांग्रेस से अलविदा कह दिया है। पार्टी के लिए ये बड़ा झटका माना जा रहा है। फुले ने प्रियंका गांधी के यूपी दौरे ठीक पहले कांग्रेस से इस्तीफा दिया। बता दें, सावित्रीबाई कांग्रेस से पहले बहराइच से बीजेपी सांसद रह चुकी हैं। इन्हें बीजेपी का फायरब्रांड नेता माना जाता था। इस बार हुए लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने बीजेपी छोड़ कांग्रेस ज्वाइन कर ली थी। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इस वजह से सावित्रीबाई ने छोड़ी कांग्रेस
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी 28 दिसंबर को यूपी के दौरे पर आ रही हैं। इससे ठीक पहले करीब 10 महीने में ही पार्टी छोड़ने का फैसला करने वालीं फुले ने आरोप लगाया कि पार्टी में उनकी बात नहीं सुनी जा रही। इस वजह से वो इस्तीफा दे रही हैं। बताया जा रहा है कि असल में फुले कांग्रेस में दलितों का चेहरा बनना चाहती थीं। लेकिन पहले से ही गांधी परिवार के करीबी और सांसद पीएल पुनिया के कारण इन्हें पार्टी में कोई तवज्जो नहीं मिली। हालांकि, पार्टी ने लोकसभा चुनाव में इन्हें बहराइच से टिकट दिया। लेकिन ये हार गईं। 

पहले भी 10 कांग्रेस नेताओं ने छोड़ी थी पार्टी 
बता दें, ये दूसरा मौका है जब प्रियंका के यूपी दौरे से पहले किसी नेता ने इस्तीफा दिया हो। इससे पहले दस कांग्रेस के नेताओं ने इस्तीफा दिया था। इन नेताओं ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस में कम अनुभव के नेताओं को तवज्जो दी जा रही। जबकि उन्होंने कई साल तक पार्टी की सेवा की। इन नेताओं ने सीधे तौर से प्रियंका गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू पर आरोप लगाया। सोनिया गांधी को भी पत्र लिखकर विरोध जताया था। लेकिन वहां से कोई राहत नहीं मिली। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले ही अजय कुमार लल्लू को कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। उसके बाद से ही कई नेता अपनी नाराजगी जता चुके हैं।